5 Dariya News

सरकार की लापरवाही से खतरे में हजारों जिंदगियां : दिनेश बस्सी

एयरपोर्ट-अटारी मार्ग पर बने फ्लाईओवर की हालत बदतर, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

5 Dariya News

अमृतसर 08-Apr-2026

इंप्रूवमेंट ट्रस्ट के पूर्व चेयरमैन और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता दिनेश बस्सी ने गोल्डन गेट दबुर्जी फ्लाईओवर की बदहाल स्थिति पर आम आदमी पार्टी सरकार और संबंधित विभागों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि फ्लाईओवर की मौजूदा हालत इतनी खतरनाक हो चुकी है कि यह किसी भी समय गिर सकता है और बड़ा हादसा हो सकता है।

बस्सी ने कहा कि हैरानी की बात है कि आम आदमी पार्टी के तीन-तीन विधायक इसी फ्लाईओवर के आसपास रहते हैं और रोजाना इस रास्ते से गुजरते भी होंगे, लेकिन इसके बावजूद उन्हें इसकी खस्ता हालत नजर नहीं आती। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद इन नेताओं को आम लोगों की जान की कोई कीमत ही नहीं है, तभी इतने गंभीर मुद्दे पर भी चुप्पी साधी हुई है।

उन्होंने कहा कि इलाके के लोग पिछले कई वर्षों से परेशान हैं। पहले जब फ्लाईओवर का निर्माण चल रहा था, तब सर्विस लेन नहीं बनाई गई, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। अब फ्लाईओवर बन जाने के बाद उसके धंसने का खतरा लगातार लोगों के सिर पर मंडरा रहा है, जिससे डर और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

बस्सी ने कहा कि इस पूरे मामले में सांसद गुरजीत सिंह औजला ने पहले ही आवाज उठाई थी और पिलर वाले मजबूत फ्लाईओवर की मांग की थी, लेकिन उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया गया। अगर समय रहते उनकी बात मान ली जाती, तो आज यह स्थिति पैदा नहीं होती। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार कंपनी (DMR) और संबंधित अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया निर्माण किया गया है, जिसके कारण कुछ ही समय में फ्लाईओवर की हालत खराब हो गई।

उन्होंने मांग की कि इस कंपनी और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की जाए और पूरे मामले की हाई लेवल व निष्पक्ष जांच करवाई जाए। बस्सी ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से भी अपील की कि इस मामले में हस्तक्षेप कर ठेकेदार और पंजाब सरकार दोनों से जवाब लिया जाए। उन्होंने कहा कि यह जनता के टैक्स का पैसा है, जिसे इस तरह बर्बाद नहीं होने दिया जा सकता।

उन्होंने आगे कहा कि फ्लाईओवर के नीचे बनी सर्विस लेन आज भी बंद पड़ी है, वहां पानी जमा रहता है और सीवरेज की समस्या बनी हुई है। कई बार पी.डी. अब्दुल्ला को इस बारे में अवगत करवाया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। बस्सी ने कहा कि हालात इतने खराब हो चुके हैं कि कई लोग अपने घर बेचकर यहां से पलायन करने को मजबूर हो गए हैं, जो सरकार की विफलता को साफ दर्शाता है।

इस दौरान दिनेश बस्सी खुद मौके पर पहुंचे और फ्लाईओवर की बदहाल स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने धंसी हुई सड़क और खराब निर्माण को मौके पर दिखाते हुए कहा कि यह स्थिति किसी बड़े हादसे की साफ चेतावनी है, लेकिन इसके बावजूद सरकार और प्रशासन आंखें मूंदे बैठा है। अंत में उन्होंने कहा, “दबुर्जी फ्लाईओवर का धंसना यह साबित करता है कि जनता के पैसे से घटिया काम किया गया है।

जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती, कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को मजबूती से उठाती रहेगी और जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी। इस मौके पर उनके साथ इलाका निवासी परमजीत सिंह, लखविंदर सिंह, भुल्ला सिंह, हरजिंदर सिंह , दविंदर सिंह सहित अन्यों ने मिलकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाई ओर कार्रवाई की मांग की।