5 Dariya News

कविन्द्र गुप्ता ने सुंदरनगर में बीबीएमबी ड्रेजर कॉम्प्लेक्स का दौरा किया

जल निकासी एवं गाद प्रबंधन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की

5 Dariya News

मंडी 07-Apr-2026

राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने आज मंडी जिले के सुंदरनगर स्थित भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड के ड्रेजर कॉम्प्लेक्स का दौरा किया। इस दौरान राज्यपाल को प्रबंधन बोर्ड की विभिन्न गतिविधियों और संचालन तंत्र के बारे में अवगत करवाया गया। उन्होंने जल निकासी की तकनीकी व्यवस्थाओं तथा गाद (सिल्ट) के प्रबंधन एवं निस्तारण से संबंधित प्रक्रियाओं में विशेष रुचि दिखाई। 

यह जलाशयों की कार्यक्षमता और सुरक्षा बनाए रखने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। श्री गुप्ता ने अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए जल प्रवाह को सुचारू बनाए रखने, गाद प्रबंधन को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा समग्र बुनियादी ढांचे के रख-रखाव के लिए अपनाए गए उपायों की समीक्षा की। 

उन्होंने गाद संचयन और जल प्रबंधन से जुड़ी चुनौतियों के समाधान के लिए वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित तरीके अपनाने के लिए बोर्ड के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव संदीप भारद्वाज, मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार तथा बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।