5 Dariya News

नायब सिंह सैनी की फरीदाबाद को बड़ी सौगात, जंक्शन सुधार से लेकर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल तक कई घोषणाएं

विकसित फरीदाबाद रैली को नायब सिंह सैनी ने किया संबोधित

5 Dariya News

फरीदाबाद 04-Apr-2026

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को फरीदाबाद में आयोजित धन्यवाद एवं विकसित फरीदाबाद रैली के दौरान फरीदाबाद के लिए कई महत्वपूर्ण विकास घोषणाएं करते हुए कहा कि वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए शहर के प्रमुख जंक्शनों का चरणबद्ध सुधार किया जाएगा, ताकि ट्रैफिक सुचारु हो और प्रदूषण में कमी लाई जा सके।

उन्होंने कहा कि भूजल आधारित जलापूर्ति के कारण गुणवत्ता संबंधी चुनौतियों को देखते हुए अपर गंगा नहर से ताजा पेयजल उपलब्ध कराने की संभावना तलाशी जाएगी। इसके लिए उत्तर प्रदेश सरकार से समन्वय स्थापित कर फरीदाबाद तक गंगा नहर का पानी पहुंचाने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि फरीदाबाद शहर के 50 कम्युनिटी सेंटरों और पार्कों में प्रथम चरण में रेनवाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित किये जाएंगे। इसके अतिरिक्त सरकारी भवनों में भी संबंधित विभागों द्वारा वर्षा जल संचयन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे जल संरक्षण के साथ-साथ जलभराव की समस्या का समाधान हो सके।

उन्होंने कहा कि ग्रेटर फरीदाबाद में दिव्य नगर योजना के तहत लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से एक नेचर पार्क विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि कन्वेंशन हॉल के सामने तथा लेबर कोर्ट के निकट एचएसवीपी की लगभग 3 एकड़ भूमि पर मल्टीलेवल पार्किंग के ऊपर एक बड़ा बैंक्वेट हॉल विकसित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ग्रेटर फरीदाबाद में केंद्रीय विद्यालय खोलने के लिए राज्य सरकार भूमि उपलब्ध कराएगी, जिससे क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके। मुख्यमंत्री ने सेक्टर-8 में पीपीपी मोड पर मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने की घोषणा भी की। साथ ही आईएमटी सेक्टर-66 को वाणिज्यिक सेक्टर के रूप में विकसित करते हुए एंटरटेनमेंट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां सिनेमा हॉल, होटल, मल्टीप्लेक्स से संबंधित आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी।

इसके अतिरिक्त, सेक्टर-12 स्थित स्विमिंग पूल को पीपीपी मोड पर अपग्रेड कर ऑल वेदर और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। श्री नायब सिंह सैनी ने विकास कार्यों के लिए अलग से 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि हाल ही में स्वीकृत दिल्ली-गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा आरआरटीएस/नमो भारत कॉरिडोर से फरीदाबाद को आर्थिक रूप से नई मजबूती मिलेगी और क्षेत्र की कनेक्टिविटी को अभूतपूर्व बढ़ावा मिलेगा।