रंगला पंजाब के सपने की ओर बड़ा कदम – डेराबस्सी में नए पार्कों का उद्घाटन
नए तैयार किए गए पार्क सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने का बड़ा कदम : विधायक रंधावा
5 Dariya News
डेराबस्सी 04-Apr-2026
“रंगला पंजाब” के सपने को साकार करने की दिशा में आम आदमी पार्टी की सरकार द्वारा जमीनी स्तर पर विकास कार्य लगातार तेजी से आगे बढ़ाए जा रहे हैं। इसी कड़ी के तहत हल्का विधायक सरदार कुलजीत सिंह रंधावा द्वारा नगर काउंसिल डेराबस्सी के सहयोग से वार्ड नंबर 13 के साधू नगर में ₹50 लाख तथा आदर्श नगर में ₹30 लाख की लागत से तैयार किए गए आधुनिक पार्कों का उद्घाटन किया गया।
इस मौके पर नगर काउंसिल की प्रधान श्रीमती आशु उपनेजा, जो वार्ड की एम.सी. भी हैं, सहित स्थानीय वार्ड निवासियों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। उद्घाटन के दौरान विधायक रंधावा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि हर वादे को जमीन पर लागू कर लोगों के जीवन में वास्तविक बदलाव ला रही है।
उन्होंने कहा कि हल्का डेराबस्सी में सड़कों का निर्माण व मरम्मत, गलियों-नालियों का सुधार, स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, एलईडी स्ट्रीट लाइट्स, आम आदमी क्लीनिक, सरकारी स्कूलों का उन्नयन तथा खेल मैदानों का विकास जैसे कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि पंजाब सरकार द्वारा स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठाए गए हैं।
आम आदमी क्लीनिकों के माध्यम से लोगों को मुफ्त इलाज और जांच की सुविधा मिल रही है, जबकि स्कूल ऑफ एमिनेंस और स्कूल ऑफ हैप्पीनेस के जरिए विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रदान की जा रही है। नए तैयार किए गए पार्कों के बारे में उन्होंने कहा कि ये पार्क केवल मनोरंजन के केंद्र नहीं हैं, बल्कि लोगों को स्वस्थ और सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
इन पार्कों में बच्चों के लिए आधुनिक खेल उपकरण, बैठने की सुविधाएं और हरित वातावरण की सुंदर व्यवस्था की गई है। इस अवसर पर स्थानीय निवासियों ने पंजाब सरकार और विधायक रंधावा का धन्यवाद करते हुए कहा कि लगातार हो रहे विकास कार्यों से क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है और लोगों को बड़ी राहत मिल रही है।