कांग्रेस पार्टी नहीं, बल्कि अलग-अलग गुटों का समूह : रणबीर गंगवा
5 Dariya News
करनाल 02-Apr-2026
हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर गंगवा ने कहा कि करनाल में आयोजित जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में 14 में से 8 शिकायतों का मौके पर निपटारा किया और शेष 6 पर अगली बैठक तक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा वीरवार को पंचायत भवन के सभागार में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। भाजपा कार्यालय पर ग्रेनेड मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि यह अत्यंत निंदनीय घटना है।
पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच कर रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।कांग्रेस की आंतरिक कलह पर तंज कसते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास रहा है कि उनके वोट कभी एकजुट नहीं होते। हरियाणा में कांग्रेस कोई एक पार्टी नहीं, बल्कि अलग-अलग गुटों का समूह है जिनके विचारों में कोई समानता नहीं है।
हाल ही में हुए चुनावों में कांग्रेस के 37 विधायकों में से 9 विधायकों के वोट उनके अपने उम्मीदवार को नहीं मिले, कांग्रेस को आत्मचिंतन की आवश्यकता है।उन्होंने कहा कि आज दूसरी पार्टियों के नेता भी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार की पारदर्शिता और कार्यप्रणाली की सराहना कर रहे हैं।युवाओं के अवैध तरीके से विदेश जाने के मुद्दे पर मंत्री ने चिंता व्यक्त की।
उन्होंने अपील की कि युवा गलत रास्तों या एजेंटों के झांसे में आकर अपनी जान और पैसा जोखिम में न डालें। हरियाणा सरकार युवाओं को कानूनी तरीके से विदेश भेजने और वहां रोजगार दिलाने में पूरी मदद कर रही है। उन्होंने युवाओं से कहा कि सरकार द्वारा जारी हिदायतों का पालन करें और आधिकारिक माध्यमों का ही चुनाव करें।