5 Dariya News

हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने यमुनानगर मंडी का किया दौरा

बोले- किसानों का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदेगी सरकार

5 Dariya News

यमुनानगर 02-Apr-2026

हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने वीरवार को यमुनानगर में सरस्वती नगर अनाज मंडी पहुंचकर गेहूं की आवक व उठान कार्य के साथ-साथ अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों व खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कृषि मंत्री ने संबंधित खरीद एजेंसियों के अधिकारियों को मंडी में खरीदे गए गेहूं के शीघ्र उठान के निर्देश दिए।   

किसानों को आश्वासन देते हुए श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि किसान की फसल का एक-एक दाना एमएसपी पर खरीदा जाएगा और किसान को फसल बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के  नेतृत्व में राज्य सरकार गेहूं खरीद को लेकर बहुत गंभीर है और मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रदेश के मंत्री व विधायक लगातार मंडियों का निरीक्षण भी कर रहे हैं, ताकि किसान को अपनी फसल बेचने में पोर्टल संबंधी या अन्य कोई समस्या न आए।

उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी फसल को सुखाकर लाए ताकि फसल को बेचने में किसी प्रकार की दिक्कत न आए। किसानों व आढ़तियों से यह भी अपील की कि वे प्रशासन के साथ आपसी सहयोग व तालमेल से फसल के उठान की समस्या को दूर कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित किए गए मानकों के अनुसार किसानों की फसलों को न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदा जाएगा। 

संबंधित अधिकारियों को इस बात पर फोकस रखना चाहिए कि मंडियों में किसानों और व्यापारियों को पीने के पानी, शौचालय, सफाई व्यवस्था, बिजली सहित अन्य सुविधाएं मिले। उन्होंने सभी खरीद एजेंसियों को निर्देश दिए कि वे मण्डियों से खरीदे गए गेहूं को जल्द उठाने की व्यवस्था करें ताकि किसान सुविधापूर्ण तरीके से अपनी फसल बेच सके।