5 Dariya News

बीजेपी दफ्तर में ग्रेनेड हमला सुरक्षा पर सवाल : अक्षय शर्मा

कहा—घटनाएं बड़ी साजिश का संकेत; CM के बयान को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, उच्च स्तरीय जांच की मांग

5 Dariya News

अमृतसर 02-Apr-2026

चंडीगढ़ में भाजपा के राज्य स्तरीय कार्यालय पर हुए ग्रेनेड हमले को लेकर अमृतसर नॉर्थ से भाजपा नेता अक्षय शर्मा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पहले पंजाब के थानों पर लगातार ग्रेनेड हमले हुए, फिर होशियारपुर में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को खंडित किया गया और अब चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय को निशाना बनाया गया है।

यह घटनाएं किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती हैं, जिसका उद्देश्य राज्य के भाईचारे और शांति को प्रभावित करना है वहीं लोगों में सहम का माहौल पैदा कर रहा है। अक्षय शर्मा ने कहा कि पहले पंजाब के थानों में ओर चंडीगढ़ में एक जैसे हमले साबित कर रहे हैं कि इनकी कड़ियां एक साथ जुड़ रही हैं।  उन्होंने कहा कि यह पंजाब की कानून-व्यवस्था बनाए रखने में कमी स्पष्ट नजर आ रही है और अब इसका असर चंडीगढ़ तक पहुंच गया है, जो बेहद चिंताजनक है।

वहीं दूसरी तरफ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अक्षय शर्मा ने कहा कि ऐसे संवेदनशील समय में जब हर तरफ डर का माहौल है ओर पंजाबियों पर खतरा मंडरा रहा है तो इस तरह की टिप्पणियां करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब प्रदेश इस तरह की घटनाओं से जूझ रहा हो, तब सरकार को राजनीतिक बयान देने के बजाय ठोस कदम उठाने चाहिए।

अक्षय शर्मा ने सरकार से मांग की कि इस हमले की उच्च स्तरीय जांच करवाई जाए वहीं पंजाब में भी लगातार हो रहे हमलों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रदेश में शांति और सुरक्षा बहाल हो सके। अक्षय शर्मा ने कहा कि पंजाब की सुरक्षा को अहम मुद्दा मानते हुए इसमें केंद्र सरकार की मदद लें ओर राज्य को सुरक्षा प्रधान करें।