पंजाब राज्य मानवाधिकार आयोग मानवाधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध : पद्म श्री जितेंद्र सिंह शंटी
एनजीओ को मानवाधिकार आयोग की “आंख और कान” बनकर कार्य करने का आह्वान
5 Dariya News
साहिबजादा अजीत सिंह नगर 27-Mar-2026
पंजाब राज्य एवं चंडीगढ़ (यू.टी.) मानवाधिकार आयोग के सदस्य पद्म श्री जितेंद्र सिंह शंटी ने आज यहां कहा कि आयोग मानवाधिकारों की रक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और प्रत्येक नागरिक को संविधान के तहत प्राप्त मौलिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है। आज कम्युनिटी सेंटर, सेक्टर-69, मोहाली में आयोजित ‘ओपन हियरिंग कैंप’ एवं बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने अतिरिक्त उपायुक्त (शहरी विकास) अनमोल सिंह ढालीवाल, नगर निगम आयुक्त संदीप सिंह गाड़ा, एसपी (मुख्यालय) मोहित अग्रवाल तथा प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न एनजीओ के प्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने कहा कि आयोग द्वारा लोगों की शिकायतों के त्वरित निपटारे के लिए एक प्रभावी प्रणाली विकसित की गई है तथा पिछले कुछ महीनों के दौरान राज्य के सभी जिलों में ऐसे कैंप आयोजित कर जागरूकता बढ़ाई गई है। उन्होंने बताया कि अब लोग अपने घर बैठे ही ‘व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9855475547’ पर लिखित रूप में अपनी शिकायतें भेज सकते हैं, जिन पर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी अस्पताल बकाया बिल के नाम पर मृतक का शव रोक नहीं सकता और बिना देरी परिजनों को सौंपना अनिवार्य है। इसके अलावा यदि कोई मरीज इलाज का खर्च वहन करने में असमर्थ है, तो उससे घोषणा पत्र लेकर उपचार के बाद छुट्टी देना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि 20 बिस्तरों से अधिक क्षमता वाले अस्पतालों में ‘मॉर्चरी और एंबुलेंस’ की सुविधा अनिवार्य रूप से होनी चाहिए।
उन्होंने बताया कि आयोग द्वारा सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की गई है, जिसके अनुसार उन्हें बीमा तथा सुरक्षा उपकरण जैसे कैप, जूते, सैनिटाइज़र आदि उपलब्ध कराना अनिवार्य है। इसके साथ ही आपातकालीन स्थिति में एंबुलेंस को तुरंत रास्ता देने के लिए “एंबुलेंस पायलट” प्रणाली लागू करने के निर्देश भी दिए गए हैं, जिसके तहत 112 पर संपर्क करने पर निकटतम पुलिस वाहन मरीज को अस्पताल तक पहुंचाने में सहायता करेगा।
एनजीओ को आमंत्रित करते हुए उन्होंने कहा कि वे मानवाधिकार आयोग की “आंख और कान” बनकर कार्य करें और समाज में हो रहे उल्लंघनों को सामने लाने में सहयोग दें। उन्होंने मोहाली की एनजीओ द्वारा किए जा रहे सामाजिक प्रयासों की सराहना भी की।
उन्होंने आगे बताया कि मानवाधिकारों को और सशक्त बनाने के लिए प्रत्येक जिले में 15 सदस्यों वाले कोर ग्रुप गठित किए जा रहे हैं, जो लोगों की समस्याओं को तुरंत आयोग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। बैठक के दौरान स्वास्थ्य, नगर निगम, पुलिस तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को मानवाधिकारों के मद्देनज़र आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए और विभिन्न सुझाव भी लिए गए।
उन्होंने सिविल अस्पताल की सुविधाओं जैसे ऑक्सीजन प्लांट, लैब, ब्लड बैंक, मॉर्चरी एवं एंबुलेंस सेवाओं का निरीक्षण करते हुए सुधार के निर्देश दिए और रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। इसके अलावा पुलिस विभाग को थानों में आने वाले लोगों के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था, स्वच्छ शौचालय तथा पर्याप्त पार्किंग सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कैंप के दौरान लोगों की कई शिकायतें सुनी गईं, जिनमें से कई का मौके पर ही समाधान किया गया तथा शेष को संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई हेतु भेजा गया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अनमोल सिंह ढालीवाल, नगर निगम आयुक्त संदीप सिंह गाड़ा, एसडीएम दमनदीप कौर, सिविल सर्जन डॉ. संगीता जैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
इसके अतिरिक्त श्री प्यारा लाल गर्ग, पूर्व चेयरमैन, सबऑर्डिनेट सर्विसेज सिलेक्शन बोर्ड, पूर्व एमसी सतबीर सिंह धनोआ तथा एमसी कुलदीप कौर धनोआ सहित रेजिडेंट वेलफेयर सोसायटी, सेक्टर-69 के सदस्य भी मौजूद रहे।