सुखना लेक पर एयर शो की तैयारियों की एच. राजेश प्रसाद द्वारा समीक्षा
5 Dariya News
चंडीगढ़ 24-Mar-2026
यूटी चंडीगढ़ प्रशासन के मुख्य सचिव श्री एच. राजेश प्रसाद ने आज आगामी सूर्य किरण एरोबैटिक टीम सिविल एयर डिस्प्ले (27 एवं 28 मार्च, 2026) के सफल आयोजन हेतु तैयारियों की समीक्षा और समन्वय सुनिश्चित करने के लिए एक बैठक की अध्यक्षता की। यह एयर शो सुखना लेक पर आयोजित किया जाएगा।
बैठक में चंडीगढ़ प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन सेवाएं, भारतीय वायु सेना तथा अन्य संबंधित विभागों और एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव ने कहा कि यह एयर शो शहर के लिए गौरव का विषय है और इसमें बड़ी संख्या में लोगों के उत्साहपूर्वक भाग लेने की संभावना है।
उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम के सुचारू एवं सुरक्षित संचालन हेतु सूक्ष्म स्तर पर तैयारियां, प्रभावी आपसी समन्वय तथा सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। आगंतुकों की सुविधा के लिए शहर के सात निर्धारित पिक-अप और ड्रॉप पॉइंट्स से सीटीयू बसों की व्यवस्था की जाएगी।
आम जनता को केवल अपने पास पर उल्लिखित निर्धारित स्थानों से ही बसों में सवार होने की सलाह दी गई है। बसों की अंतिम पिक-अप समय सुबह 9:00 बजे निर्धारित किया गया है। एयर शो में प्रवेश पास के माध्यम से ही होगा, जो चंडीगढ़ टूरिज्म ऐप पर प्रति व्यक्ति ₹100 शुल्क देकर उपलब्ध कराए गए हैं।
कार्यक्रम स्थल की क्षमता प्रतिदिन 10,000 व्यक्तियों तक सीमित रखी गई है। सामान्य जनता को सभी सुरक्षा एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। आगंतुकों से अनुरोध किया गया है कि वे 6 वर्ष से कम आयु के बच्चों को साथ न लाएं, केवल पारदर्शी पानी की बोतलें ही रखें तथा किसी भी प्रकार का खाद्य पदार्थ साथ लाने से बचें।
स्थल पर पेयजल एवं स्वच्छता की समुचित व्यवस्था की जाएगी। मुख्य सचिव ने पुनः सभी विभागों को आपसी समन्वय एवं सतत संचार बनाए रखते हुए किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।