5 Dariya News

गेहूं की नाड़ को आग लगाने से रोकने हेतु जागरुक करेगी कृषि विभाग की प्रचार वैन

डिप्टी कमिश्नर ने हरी झंडी दिखा किया रवाना

5 Dariya News

होशियारपुर 24-Mar-2026

डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने आज जिला प्रशासनिक परिसर से गेहूं की कटाई के बाद उसकी नाड़ को आग न लगाने संबंधी किसानों को जागरूक करने के लिए प्रचार वैनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि ये प्रचार वैन आज से लेकर अगले 40 दिनों तक जिले के विभिन्न गांवों में जाकर किसानों को गेहूं की नाड़ न जलाने के प्रति जागरूक करेंगी। 

उन्होंने किसानों से अपील करते हुए कहा कि गेहूं की कटाई के बाद उसकी तुड़ी बनाने के उपरांत बचने वाले अवशेषों को खेत में ही रोटावेटर, उल्टे हल आदि कृषि उपकरणों की सहायता से मिट्टी में मिलाया जाए। इससे भूमि की उर्वरता बढ़ेगी और पर्यावरण प्रदूषण से भी बचाव होगा।

डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि गेहूं के अवशेषों को आग लगाने वाले किसानों के विरुद्ध वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) की हिदायतों के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर मुख्य कृषि अधिकारी होशियारपुर दपिंदर सिंह संधू, जिला प्रशिक्षण अधिकारी दीपक पुरी, कृषि अधिकारी किरणजीत सिंह, कृषि विकास अधिकारी हरप्रीत सिंह, सहायक कृषि इंजीनियर वरुण चौधरी, मनदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।