बादली क्षेत्र के अधिकांश स्कूल भवन ठीक, मरम्मत व नए निर्माण की योजना
5 Dariya News
चंडीगढ़ 18-Mar-2026
हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि जिला झज्जर के बादली विधानसभा क्षेत्र के गांव तुम्बाहेड़ी, सुबाना, डावला के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालयों के भवन मानकों के अनुसार ठीक हालत में हैं। मंत्री हरियाणा विधान सभा के बजट सत्र के दौरान सदन के एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।
मंत्री ने कहा कि झज्जर के गांव कासनी के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 6 कक्षा का भवन ठीक हालत में है एवं 7 कक्षों का पुनर्निर्माण करवाए जाने की आवश्यकता है। इन कक्षों के पुनर्निर्माण के लिए 12 मार्च 2026 को 89.52 लाख रुपये के अनुमान प्राप्त हुए हैं, जो विभाग में विचाराधीन है। इस संबंध में बजट आगामी वित्त वर्ष 2026-27 में जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गांव दादनपुर का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय में मानदंडों अनुसार भवन मौजूद है, जो कि ठीक हालत में हैं। गांव खूंगाई का राजकीय उच्च व प्राथमिक विद्यालय ठीक हालत में है। गांव पेलपा का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक व प्राथमिक विद्यालय ठीक हालत में हैं।
उन्होंने कहा कि गांव मुंडाखेड़ा का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के तीन लैब व एक लाइब्रेरी का कमरा ठीक हालत में हैं, जबकि विद्यालय के कमरों को मरम्मत की आवश्यकता है। इन कमरों की मरम्मत के लिए 12 मार्च 2026 को 113.35 लाख रुपये का बजट अनुमान प्राप्त हुए हैं, जो विभाग में विचाराधीन है। इस संबंध में बजट आगामी वित्त वर्ष 2026-27 में जारी किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राजकीय प्राथमिक विद्यालय, मुंडाखेड़ा के भवन को लोक निर्माण विभाग द्वारा जर्जर घोषित किया गया है। नए विद्यालय भवन के निर्माण के लिए 1.44 करोड़ रुपये का अनुमान प्राप्त हुआ है, जो विभाग में विचाराधीन है। इस संबंध में बजट आगामी वित्त वर्ष 2026-27 में जारी किया जाएगा।