5 Dariya News

यमुनानगर में 1497 शिक्षक पद खाली, भर्ती प्रक्रिया जारी

5 Dariya News

चंडीगढ़ 18-Mar-2026

हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि यमुनानगर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 829 राजकीय विद्यालय हैं तथा इन विद्यालयों में शिक्षकों के 4353 पद स्वीकृत हैं। वर्तमान में शिक्षक-छात्र अनुपात 26 : 1 है। मंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान एक सदस्य द्वारा पूछे गए प्रश्न का जवाब दे रहे थे।

मंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षकों के रिक्त पदों को समय पर भरने के लिए प्रतिबद्ध है। जिला यमुनानगर सहित राज्य में सीधी भर्ती, पदोन्नति एवं अनुबंध आधार पर शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए कार्यवाही शुरू की जा रही है। हालांकि कुछ मामलों में  न्यायालय में केस होने की वजह से इन प्रक्रियाओं में विलंब हो जाता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार राजकीय विद्यालयों में शिक्षकों के रिक्त पदों को भरने के लिए गंभीर है एवं जल्द ही इन्हें भर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा वर्ष 2022 में पीजी.टी. के 4476 रिक्त पदों एवं वर्ष 2024 में पी.जी.टी. के 3069 रिक्त पदों को भरने बारे हरियाणा लोक सेवा आयोग को मांग-पत्र भेजा गया था, जिसमें से आयोग से प्राप्त सिफारिशों के आधार पर 3701 योग्य उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र जारी किये जा चुके हैं तथा शेष लगभग 2000 पदों बारे चयन प्रक्रिया आयोग स्तर पर कार्यवाही में है। 

इसके अतिरिक्त, विभाग द्वारा पदोन्नति कोटे के माध्यम से विभिन्न विषयों में पी.जी.टी. के रिक्त पदों को भरने बारे पदोन्नति मामले भी आमंत्रित किए गए हैं तथा शीघ्र ही पदोन्नति कर दी जाएगी।