5 Dariya News

विधानसभा में हंगामे पर कृष्ण कुमार बेदी की कड़ी निंदा

5 Dariya News

चंडीगढ़ 17-Mar-2026

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने विधानसभा में विपक्ष के व्यवहार की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि सदन लोकतंत्र का सर्वोच्च मंच है और इसे राजनीतिक अखाड़ा बनाना बिल्कुल भी उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आज प्रश्नकाल के बाद से विपक्षी सदस्यों का रवैया अत्यंत अशोभनीय रहा। 

बार-बार समझाने के बावजूद कांग्रेस के विधायक अपनी सीटों से उठकर सदन की वेल में आए, शोर-शराबा किया और सदन की कार्यवाही में लगातार बाधा उत्पन्न की। उनके इस व्यवहार के कारण सदन की बैठक को स्थगित भी करना पड़ा, जिससे बहुमूल्य समय की बर्बादी हुई।

श्री बेदी ने कहा कि विपक्ष का यह आचरण लोकतांत्रिक परंपराओं और संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि सदन की गरिमा बनाए रखना सभी सदस्यों की जिम्मेदारी है, लेकिन विपक्ष द्वारा बार-बार नियमों की अवहेलना कर सदन की कार्यवाही को बाधित किया गया।

मंत्री श्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष सदन के संरक्षक होते हैं और उन्होंने विपक्ष से बार-बार व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की, लेकिन इसके बावजूद विपक्ष ने उनकी बात नहीं मानी। उन्होंने कहा कि सदन के इस प्रकार के दुर्व्यवहार की वह और पूरा सदन कड़ी निंदा करता है। 

इसी के साथ उन्होंने अध्यक्ष के माध्यम से विपक्ष के इस आचरण के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की बात भी कही।