सिख नेतृत्व को सम्मान देकर पंजाब के विकास को नई गति दे रही भाजपा : अक्षय शर्मा
5 Dariya News
अमृतसर 17-Mar-2026
भारतीय जनता पार्टी द्वारा सिख नेतृत्व को राष्ट्रीय स्तर पर अहम जिम्मेदारियां सौंपने की पहल का स्वागत करते हुए हल्का उत्तरी से भाजपा नेता अक्षय शर्मा ने इसे पार्टी की दूरदर्शी और समावेशी सोच का प्रतीक बताया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह नीति पंजाब और सिख समुदाय के प्रति उसके गहरे सम्मान को दर्शाती है। अक्षय शर्मा ने सरदार तरणजीत सिंह संधू को दिल्ली का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने पर विशेष प्रसन्नता व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि सरदार संधू का लंबा कूटनीतिक अनुभव, बेदाग छवि और बेहतरीन प्रशासनिक क्षमता उन्हें इस पद के लिए सबसे उपयुक्त बनाती है। उनका नेतृत्व न केवल दिल्ली के विकास को नई दिशा देगा, बल्कि यह भाजपा की 'योग्यता-आधारित' राजनीति का एक बड़ा उदाहरण है। उन्होंने पार्टी के अन्य दिग्गज सिख नेताओं की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि कैप्टन अमरिंदर सिंह, हरदीप सिंह पुरी, रवनीत सिंह बिट्टू, इकबाल सिंह लालपुरा, मनजिंदर सिंह सिरसा, आर.पी. सिंह और सतनाम सिंह संधू जैसे नेता राष्ट्रीय स्तर पर सिख समाज की आवाज को मजबूती दे रहे हैं।
राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी और केवल सिंह ढिल्लों जैसे अनुभवी नेताओं के जुड़ने से पार्टी का आधार और व्यापक हुआ है। अक्षय शर्मा ने आगे कहा कि जगमीत सिंह बराड़ जैसे वरिष्ठ नेता का भाजपा में आना और रिपजीत सिंह बराड़, चरणजीत सिंह बराड़ व प्रो. ओंकार सिंह जैसे चेहरों का पार्टी से जुड़ना इस बात का स्पष्ट संकेत है कि पंजाब के लोग अब भाजपा को एक सशक्त विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
संगठन को जिला स्तर पर मजबूत करने के लिए उन्होंने दयाल सिंह बरकंडी, धीरज सिंह धोती, गुरप्रीत सिंह खुखा और सुखपाल सिंह बेबेकवाली जैसे जमीनी नेताओं को जिम्मेदारी देने के फैसले की भी सराहना की। उन्होंने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र पर चलते हुए भाजपा पंजाब के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले समय में राज्य में एक पारदर्शी और विकासोन्मुख सरकार का मार्ग प्रशस्त करेगी।