आईपीएल 2026 : 'चलो कुछ नया करने की कोशिश करते हैं', ऋषभ पंत ने बढ़ाया एलएसजी के खिलाड़ियों का हौसला
5 Dariya News
नई दिल्ली 13-Mar-2026
लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) नई टीम और नई जर्सी के साथ आईपीएल 2026 में कुछ नया करने को तैयार है। टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने टीम के नए खिलाड़ियों से मुलाकात करते हुए कहा है कि चलो इस सीजन में कुछ नया करने की कोशिश करते हैं। एलएसजी द्वारा शेयर वीडियो में पंत ने कहा, "बहुत सारे लोग पिछले साल के हैं।
कुछ नए चेहरे जरूर हैं। सभी का स्वागत है। चलो रिश्ते बनाने की कोशिश करते हैं। अगर हम क्रिकेट के बारे में बात नहीं करेंगे, तो हम बेहतर नहीं हो पाएंगे। एक व्यक्ति के तौर पर, हम यहां इन सभी सज्जनों से जो कुछ भी ले सकते हैं, उसे लें और इस सीजन के लिए कुछ ऐसा बनाने की कोशिश करें जिसका हम इंतजार कर सकें।" उन्होंने आगे कहा, "जब हम किसी सीजन में आते हैं, तो हर बार हमारे मन में एक ख्याल आता है कि चलो कुछ नया करते हैं, जीतने की कोशिश करते हैं।
लेकिन साथ ही अपने सोचने के तरीके में स्पष्ट होना चाहिए कि आप क्या करना चाहते हैं? आप एक व्यक्ति और एक टीम के तौर पर क्या हासिल करना चाहते हैं?" दिसंबर 2025 में हुई नीलामी में एलएसजी ने छह खिलाड़ियों को साइन किया था। टीम ने श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्टजे, मुकुल चौधरी, नमन तिवारी, अक्षत रघुवंशी और ऑस्ट्रेलिया के जोश इंग्लिस को खरीदा था।
इसके अलावा मुंबई इंडियंस से अर्जुन तेंदुलकर और सनराइजर्स हैदराबाद से भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को भी ट्रेड किया था। एलएसजी आईपीएल 2026 में अपने कैंपेन की शुरुआत 1 अप्रैल को पंजाब किंग्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में करेगी। ऋषभ पंत की कप्तानी में एलएसजी आईपीएल 2025 में 14 मैचों में 6 मैच ही जीत सकी और प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी थी।