5 Dariya News

गुरमीत सिंह खुड्डियां यूपीएससी की प्रतिष्ठित परीक्षा पास करने वाली रसनीत कौर कंबोज को बधाई देने पहुंचे

22 वर्ष की आयु में पहली ही कोशिश में ऑल इंडिया रैंक 51 हासिल करना पंजाब के लिए गर्व की बात – खुड्डियां

5 Dariya News

राजपुरा (पटियाला) 10-Mar-2026

पंजाब के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां मंगलवार शाम राजपुरा के नजदीक गांव मदनपुर पहुंचे और पंजाब की बेटी रसनीत कौर को देश की सबसे कठिन प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक प्रतिष्ठित यूपीएससी परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 51 हासिल कर राज्य का नाम रोशन करने पर बधाई दी। इस मौके पर विधायक गुरलाल घनौर भी मौजूद थे। उन्होंने पंजाब सरकार की ओर से रसनीत कौर को सम्मानित किया।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने वाली युवा छात्रा रसनीत कौर को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवन्त सिंह मान की ओर से बधाई देते हुए कृषि मंत्री ने उसके माता-पिता को भी उनके समर्थन और प्रोत्साहन के लिए बधाई दी। उन्होंने रसनीत कौर के पिता जसविंदर सिंह, जो बिजली निगम (पीएसपीसीएल) में लाइनमैन के रूप में कार्यरत हैं, तथा माता स्वर्ण कौर, जो एक गृहिणी हैं, द्वारा अपनी बेटी के सपने को साकार करने में दिए गए सहयोग की सराहना की।

रसनीत कौर की शानदार उपलब्धि की प्रशंसा करते हुए गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि यह बहुत गर्व की बात है कि मात्र 22 वर्ष की आयु में उसने अपने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक 51 हासिल किया है। कृषि मंत्री ने कहा कि गांव मदनपुर की रहने वाली इस बेटी ने साबित कर दिया है कि पंजाब की बेटियां हर क्षेत्र में आगे हैं और कड़ी मेहनत तथा दृढ़ संकल्प के साथ सबसे ऊंचे मुकाम हासिल करने में सक्षम हैं।

मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के सक्षम नेतृत्व में पंजाब सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और विद्यार्थियों को अपने सपनों को साकार करने के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आगे कहा कि “हमारी सरकार बेहतर शैक्षिक अवसर सुनिश्चित कर रही है और हर संभव सहायता व सुविधाएं प्रदान कर रही है, ताकि पंजाब के युवा अपनी पसंद के क्षेत्रों में उत्कृष्टता हासिल कर सकें और राज्य तथा देश की प्रगति में योगदान दे सकें।”

गुरमीत सिंह खुड्डियां ने आशा व्यक्त की कि रसनीत कौर की सफलता पंजाब भर के अनेक युवा लड़के-लड़कियों को समर्पण और दृढ़ता के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए प्रेरित करेगी। कैबिनेट मंत्री ने सिविल सेवाओं में रसनीत कौर के उज्ज्वल भविष्य और आगामी जिम्मेदारियों में सफलता की कामना की।

विधायक गुरलाल घनौर ने कहा कि रसनीत कौर ने घनौर हलके समेत पूरे पंजाब का नाम रोशन किया है। विधायक गोल्डी कंबोज ने कहा कि लड़की ने यह प्रतिष्ठित परीक्षा पास करके कंबोज समुदाय का गौरव बढ़ाया है। इस दौरान चाचा बलजिंदर सिंह, दादा गुरदयाल सिंह, दादी प्रीतम कौर, भाई जगदीप सिंह, यू जी सी पास बहन जसकिरन कौर और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद थे।