5 Dariya News

कुलजीत सिंह रंधावा ने लालड़ू को सब-तहसील का दर्जा देने का मुद्दा विधानसभा में उठाया

5 Dariya News

चंडीगढ़ 10-Mar-2026

डेराबस्सी हलके से विधायक सरदार कुलजीत सिंह रंधावा ने अपने किए वादे को पूरा करते हुए पंजाब विधानसभा के सत्र के दौरान लालड़ू शहर में सब-तहसील बनाने की मांग को जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों लालड़ू व्यापार मंडल के साथ हुई बैठक के दौरान व्यापारियों और शहरवासियों ने लालड़ू में सब-तहसील बनाने की मांग रखी थी। 

इस मांग को ध्यान में रखते हुए उन्होंने यह मुद्दा विधानसभा में उठाया। विधायक रंधावा ने कहा कि लालड़ू और आसपास के इलाकों के लोगों को अपने राजस्व से जुड़े कामों के लिए दूर जाना पड़ता है, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि अगर लालड़ू में सब-तहसील बनाई जाती है तो इलाके के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विधानसभा में अपनी बात रखते हुए रंधावा ने बताया कि डेराबस्सी विधानसभा हलके की आबादी लगभग 15 लाख के करीब है और वे दावे के साथ कह सकते हैं कि 117 हलकों में से सबसे अधिक आबादी उनके हलके की है। 

उन्होंने यह भी बताया कि जिस क्षेत्र के लिए सब-तहसील की मांग की गई है, उसमें लगभग 40 गांव, दो शहर और करीब 1 लाख से अधिक आबादी शामिल है, जो सब-डिवीजन बनने के मानकों को पूरा करती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरकार लोगों की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को जल्द पूरा करेगी।