5 Dariya News

सरकार ने विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों के खातों में पहुंचाए 3,309 करोड़ रुपये : मुख्यमंत्री

602 गौशालाओं को 68 करोड़ रुपये, 35 लाख महिलाओं को 1,357 करोड़ रुपये और सामाजिक सुरक्षा सहित अन्य योजनाओं के तहत 1,884 करोड़ रुपये जारी

5 Dariya News

चंडीगढ़ 09-Mar-2026

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार अपने हर संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ पूरा कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का विजन ‘विकसित भारत’ का विजन है और उसी दिशा में हरियाणा सरकार भी निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री आज विधानसभा में चल रहे बजट सत्र के दौरान बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता का ही उदाहरण है कि राज्य सरकार द्वारा हाल ही में विभिन्न योजनाओं के तहत बड़ी राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जारी की गई है। 

उन्होंने बताया कि 3 मार्च 2026 को हरियाणा प्रदेश की 602 गौशालाओं को 68 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई। उन्होंने सदन को अवगत करवाया कि 8 मार्च 2026 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं को राज्य सरकार द्वारा 35 लाख महिलाओं को विभिन्न योजनाओं के तहत 1,357 करोड़ रुपये जारी किए गए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 9 मार्च 2026 को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के साथ साथ अलग अलग स्कीम के तहत 1,884 करोड़ रुपये की राशि जारी की। इसमें वृद्धावस्था पेंशन, दयालु योजना तथा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को लाभ प्रदान किया गया है।

उन्होंने कहा कि पिछले कुछ ही समय के दौरान राज्य सरकार ने विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हरियाणा प्रदेश के लाभार्थियों के खातों में कुल 3,309 करोड़ रुपये सीधे पहुंचाने का कार्य किया है। यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार की प्रतिबद्धता और जनकल्याण के प्रति समर्पण को दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने सदन में यह भी घोषणा की कि हाल ही में जींद जिला के सफीदों में हुए हादसे की जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि हादसे में जिनकी मृत्यु हुई है, उनके परिवारों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी, जबकि घायलों को 2-2 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।