“महिलाओं को 48 हजार रुपये नहीं देकर सरकार ने किया विश्वासघात” : अश्वनी शर्मा
“पंजाब बजट माताओं-बहनों से बड़ा धोखा और किसान, कर्मचारी, व्यापारी निराश” : शर्मा
5 Dariya News
चंडीगढ़ 08-Mar-2026
पंजाब के बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी पंजाब के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा कि यह बजट पंजाब की माताओं-बहनों के साथ बड़ा धोखा है और किसानों, कर्मचारियों, आम जनता को निराश करने वाला है । उन्होंने कहा कि 16 मार्च 2022 को बनी आम आदमी पार्टी की सरकार के चार वर्ष यानी 48 महीने पूरे होने जा रहे हैं। यदि भगवंत मान सरकार वास्तव में महिलाओं के प्रति संवेदनशील होती, तो उन्हें 1000 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से पिछले चार वर्षों के 48 हजार रुपये एकमुश्त देने का प्रावधान बजट में करती।
शर्मा ने कहा कि सरकार ने 1000 या 1500 रुपये देने की घोषणा तो की है, लेकिन इसके लिए पूरा बजट भी नहीं रखा गया। इस योजना के लिए लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की आवश्यकता है, जबकि बजट में मात्र 9300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा सरकार ने योजना के लिए पंजीकरण की शर्त लगा दी है। जिस तरह 10 लाख रुपये की स्वास्थ्य बीमा योजना का पंजीकरण अब तक पूरा नहीं हो पाया, उससे साफ है कि इस योजना का पंजीकरण भी लंबे समय तक लटका रहेगा और महिलाओं को लाभ नहीं मिल पाएगा।
उन्होंने कहा कि किसानों के साथ भी धोखा हुआ है क्योंकि चुनावी वादों के बावजूद सभी 24 फसलों पर एमएसपी नहीं दी गई और एमएसपी को कानूनी गारंटी भी नहीं बनाया गया।शर्मा ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत आने वाले फंड को भी अपना बताकर पेश कर रही है। सड़कों के लिए लगभग 15 हजार करोड़ रुपये की परियोजनाएं केंद्र सरकार की योजना के तहत हैं, गरीबों के लिए बन रहे मकान, AMRUT 2.0 के तहत 3504 करोड़ रुपये, स्कूलों में बनने वाले कमरे और कंप्यूटर जैसी सुविधाएं भी केंद्र सरकार के फंड से ही उपलब्ध कराई जा रही हैं।उन्होंने कहा कि बजट में स्वास्थ्य सेवाओं और कर्मचारियों के हितों की भी अनदेखी की गई है, जिससे जनता में निराशा है।