उत्तर प्रदेश में अपराधी बेलगाम होकर वारदातों को अंजाम दे रहे : अखिलेश यादव
5 Dariya News
लखनऊ 06-Mar-2026
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि राज्य की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है और हत्या, लूट व दुष्कर्म जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार का ‘जीरो टॉलरेंस’ का दावा पूरी तरह झूठा साबित हो चुका है और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिल रहा है।
प्रदेश में अपराधी बेलगाम होकर वारदातों को अंजाम दे रहे। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने उत्तर प्रदेश को बर्बादी की ओर धकेल दिया है। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री और सरकार झूठे आंकड़ों के सहारे जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि जमीनी हकीकत यह है कि प्रदेश में अपराधी बेलगाम होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
उन्होंने हाल के कई आपराधिक मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र में परिवहन निगम की अनुबंधित बस के चालक ललई यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मुख्य आरोपी ने सरेआम सड़क पर उनकी गर्दन पर पैर रखकर दबा दिया। इसी तरह बुलंदशहर के पचौता गांव में आयोजित मेले में एक छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आई।
आजमगढ़ में दुष्कर्म पीड़िता की हत्या कर दी गई। सपा प्रमुख ने कहा कि राजधानी लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र के बिजनौर में महिला के मंगलसूत्र की लूट की घटना हुई, जबकि कृष्णानगर के इंद्रलोक कॉलोनी में बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला की चेन छीन ली। वहीं चंदौली में फार्महाउस में सो रहे एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के मन से कानून और पुलिस का डर खत्म हो गया है। भाजपा सरकार निष्क्रिय हो चुकी है और आपराधिक तत्वों तथा दबंगों को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है। हर दिन सैकड़ों अपराध हो रहे हैं और आम जनता बेबस नजर आ रही है।अखिलेश ने आरोप लगाया कि इस सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में कई तरह के माफिया पैदा हो गए हैं। कहीं भूमाफिया, कहीं खनन माफिया तो कहीं अवैध लकड़ी माफिया प्रदेश की संपदा को लूट रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की झूठ और लूट की सरकार से त्रस्त हो चुकी है।