5 Dariya News

3 करोड़ पंजाबियों की सुरक्षा की गारंटी देने वाले केजरीवाल और मान कहाँ हैं?: अश्वनी शर्मा

दिन-दहाड़े करोड़ों की लूट ने मान सरकार के “बदलाव” की हकीकत बेनकाब की: अश्वनी शर्मा

5 Dariya News

गुरदासपुर 05-Mar-2026

भारतीय जनता पार्टी पंजाब के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने गुरदासपुर में दिन-दहाड़े हुई करीब ₹7 करोड़ की डकैती की घटना को पंजाब में गिरती कानून-व्यवस्था की डरावनी तस्वीर करार दिया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों ने एक सुनार के परिवार को बंधक बनाकर, उनके हाथ-पैर रस्सी से बांधकर और मुंह पर पट्टी बांधकर खतरनाक हथियारों के बल पर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। 

इतना ही नहीं, लुटेरे सोना-चांदी ले जाने के साथ-साथ सबूत मिटाने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी उखाड़ कर ले गए। शर्मा ने इस घटना के बाद पीड़ित परिवार के घर जाकर उनसे मुलाकात की और परिवार के साथ दुख साझा करते हुए उनका हौसला बढ़ाया। 

उन्होंने कहा कि इस तरह की दहशतनाक घटना ने पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है और व्यापारी वर्ग में भी भारी चिंता है। शर्मा के साथ प्रदेश महमन्त्री राकेश राठोड, प्रदेश सचिव सूरज भारद्वाज, जिला अध्यक्ष गुरदासपुर बघेल सिंह बहियान, राजिंदर बिट्टा, शिवबीर राजन व अन्य नेता थे । 

शर्मा ने कहा कि यह सिर्फ एक लूट की घटना नहीं, बल्कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की विफलता का बड़ा प्रमाण है। अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे करोड़ों की लूट करके भी कानून से बेखौफ हैं। उन्होंने कहा कि भगवंत मान की “बदलाव” वाली सरकार के शासन में पंजाब का व्यापारी वर्ग और आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। 

सरकार लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बजाय सिर्फ पीआर और विज्ञापनों में व्यस्त है और पंजाब धीरे-धीरे अपराधियों के हवाले होता जा रहा है। शर्मा ने सवाल उठाया कि क्या आम आदमी पार्टी की सरकार में अपराधियों को खुली छूट मिल गई है? 

उन्होंने कहा कि 3 करोड़ पंजाबियों की सुरक्षा की गारंटी कहाँ है? मुख्यमंत्री भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल को इस मामले पर तुरंत जवाब देना चाहिए।