5 Dariya News

मीडियाकर्मियों को आपात स्थितियों में दी जाने वाली आर्थिक सहायता की अधिकतम सीमा को 2.50 लाख रूपये से बढ़ाकर 5 लाख रूपये किए

तीर्थ यात्रियों को करवाई जाएगी शिरडी, माता वैष्णो देवी और गुरुद्वारा श्री हरमंदिर साहिब की यात्राएं

5 Dariya News

चण्डीगढ़ 02-Mar-2026

हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ‘‘मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना’’ के अंतर्गत वर्ष 2025 में कम आय वाले परिवार के बुजुर्गों को अयोध्या तीर्थ के दर्शन और प्रयागराज के महाकुंभ में संगम स्नान करवाया गया। वर्ष 2026-27 में तीर्थ यात्रियों को शिरडी, माता वैष्णों देवी और गुरुद्वारा श्री हरमंदिर साहिब, अमृतसर की यात्राएं शुरू करवाई जाएगी।

मुख्यमंत्री आज हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बतौर वित्त मंत्री राज्य बजट 2026-27 प्रस्तुत कर रहे थे। बजट अनुमानों में सूचना एवं जनसंपर्क, विभाग को वर्ष 2026-27 में 439.71 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। ‘‘हरियाणा मीडिया पर्सनेल वेलफेयर फंड एडमिनिस्ट्रेशन स्कीम’’ के अंतर्गत मीडियाकर्मियों को आपात स्थितियों में दी जाने वाली आर्थिक सहायता की अधिकतम सीमा को ₹2.50 लाख से बढ़ाकर ₹5 लाख किए जाने का प्रस्तावित है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि State University of Performing and Visual Arts (सुपवा), रोहतक के सहयोग से प्रतिवर्ष हरियाणा फिल्म फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। क्षेत्रीय सिनेमा, स्वतंत्र फिल्म निर्माताओं, छात्र रचनाकारों एवं डॉक्यूमेंट्री निर्माताओं को एक नया मंच देगा। 

भारत की विविध संगीत एवं प्रदर्शन कला परंपराओं के उत्सव तथा हरियाणा की समृद्ध लोक धरोहर के प्रसार हेतु वर्ष 2026-27 में पहला राष्ट्रीय संगीत कला महोत्सव आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रवासी हरियाणवी समुदाय को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने और उनके अनुभव व निवेश को राज्य के विकास से जोड़ने के लिए ‘‘डायस्पोरा कल्चरल कनेक्ट स्कीम’’ प्रारंभ करना प्रस्तावित है। 

केन्द्र सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के बजट में राखीगढ़ी को एक आइकॉनिक आर्कियोलॉजिकल साइट बताया है। इसे एक टूरिज्म डेस्टिनेशन में विकसित करना प्रस्तावित है। कला एवं संस्कृति विभाग के लिए वर्ष 2025-26 के संशोधित अनुमान ₹75 करोड़ को 76 प्रतिषत से बढ़ाकर वर्ष 2026-27 में ₹132 करोड़ किया गया है।