सी जी सी यूनिवर्सिटी, मोहाली में 9वीं वार्षिक खेल मीट 2026 उत्साह और जोश के साथ संपन्न
मुकुल को सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट और मेहुल बिष्ट को सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट घोषित किया गया
5 Dariya News
मोहाली 01-Mar-2026
सी जी सी यूनिवर्सिटी मोहाली के परिसर में 'स्कूल ऑफ फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स साइंसेज' द्वारा आयोजित तीन दिवसीय '9वीं वार्षिक खेल मीट 2026' खेलों के एक अनूठे संगम के साथ संपन्न हुई। इस आयोजन ने विश्वविद्यालय के छात्रों और शिक्षकों को एक परिवार के रूप में जोड़ते हुए युवाओं की ऊर्जा और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया।
खेल मीट की शुरुआत एक भव्य 'मार्च पास्ट' से हुई, जिसने पूरे परिसर में अनुशासन और जीत का जज्बा भर दिया। इस अवसर पर द्रोणाचार्य अवॉर्डी और भारतीय तीरंदाजी टीम के कोच जीवनजोत सिंह तेजा, निदेशक प्रशिक्षण एवं पाठ्यक्रम, पंजाब ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और खिलाड़ियों को बड़े सपने देखने और कड़ी मेहनत के लिए प्रेरित किया।
उनके साथ विनीत कुमार,डिप्टी डायरेक्टर जनरल, भारतीय खेल प्राधिकरण, पटियाला और सरप्रीत सिंह नेशनल साइक्लिंग चैंपियन ने भी विशेष अतिथि के रूप में उपस्थिति दर्ज कराई और खेल नैतिकता पर जोर दिया। खेलों के दौरान 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट और जेवलिन थ्रो जैसे कड़े मुकाबले हुए।
छात्रों में मुकुल को सर्वश्रेष्ठ पुरुष एथलीट और मेहुल बिष्ट को सर्वश्रेष्ठ महिला एथलीट घोषित किया गया। वर्ष 2025-26 के लिए लक्ष्य जिंदल और जागृति तिवारी को क्रमशः सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (पुरुष और महिला) के खिताब से नवाजा गया। रिले दौड़ और मिक्स्ड रिले इवेंट्स आकर्षण का केंद्र रहे, जहाँ टीम वर्क और तालमेल का बेहतरीन नमूना पेश किया गया।
विश्वविद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य छात्रों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना और उनमें फिटनेस और अनुशासन पैदा करना है। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पदक और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।