मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा स्कीम : विधायक कुलवंत सिंह ने मोहाली से 7वीं बस को दिखाई हरी झंडी
राज्य में हर तरफ विकास ने पकड़ी और गति : कुलवंत सिंह
5 Dariya News
साहिबजादा अजीत सिंह नगर 26-Feb-2026
मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा बस यात्रा स्कीम के तहत मोहाली के विधायक कुलवंत सिंह ने आज फेज-4 स्थित गुरुद्वारा कलगीधर साहिब से 7वीं तीर्थ यात्रा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के उपरांत श्रद्धालुओं को तीर्थ यात्रा के लिए रवाना किया गया है।
उन्होंने कहा कि तीर्थ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है, जिससे उन्हें अत्यंत संतोष और प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु श्री दरबार साहिब, दुर्ग्याणा मंदिर, वाघा बॉर्डर, जलियांवाला बाग तथा राम तीर्थ वाल्मीकि मंदिर के दर्शन करेंगे और उसके बाद वापस लौटेंगे।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण हों तथा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को प्रदेश की सेवा के लिए और अधिक शक्ति प्राप्त हो। विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा प्रदेशवासियों की सुविधा के लिए 10 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य बीमा योजना प्रारंभ की गई है।
इसके अंतर्गत पूरे पंजाब में बीमा कार्ड बनाने की प्रक्रिया बड़े स्तर पर जारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति का बीमा कार्ड सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग योजना का लाभ उठा सकें।
उन्होंने आगे बताया कि राज्य सरकार द्वारा मेरी रसोई योजना भी शुरू की गई है, जिससे लगभग 40 लाख परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इस योजना के अंतर्गत आटा, दाल, साबुन एवं अन्य आवश्यक घरेलू सामग्री लाभार्थियों के घर तक पहुंचाई जाएगी।
विधायक कुलवंत सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने अपने चुनावी घोषणापत्र में किए गए अधिकांश वादों को पूरा कर दिया है तथा महिलाओं के खातों में 1000 रुपये भेजने की गारंटी को भी आगामी बजट में पारित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब को पुनः सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए राज्यभर में सांस्कृतिक मेलों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए पूरे प्रदेश में 3500 से अधिक खेल स्टेडियमों का निर्माण किया जा रहा है, जिनमें से 35 स्टेडियम केवल मोहाली विधानसभा क्षेत्र में बनाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पहली बार नहर का पानी आम किसानों के खेतों तक पहुंचाया गया है।
पत्रकारों के प्रश्नों का उत्तर देते हुए विधायक ने कहा कि आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता स्वयं निर्णय करेगी कि किस सरकार ने राज्य के विकास के लिए अधिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में सरकार ने लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं का समाधान किया है और राज्य के समग्र विकास को गति दी है।
इस अवसर पर स्टेट अवार्डी फूलराज सिंह (हल्का कोऑर्डिनेटर), पूर्व पार्षद एवं वरिष्ठ नेता गुरमुख सिंह सोहल, अमरजीत सिंह, हरभजन सिंह, गुरविंदर सिंह पिंकी, शरणजीत कौर (ब्लॉक प्रधान), बलविंदर सिंह, गुरदयाल सिंह ढिल्लों, सरबजीत सिंह तथा दयाल सिंह उपस्थित रहे।