नौजवानों को खेलों, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों से जोड़ने में वी.डी.सी. की भूमिका महत्वपूर्ण : गुलाब चंद कटारिया
राज्यपाल ने होशियारपुर में विलेज डिफेंस कमेटी सदस्यों से की मुलाकात
5 Dariya News
होशियारपुर 24-Feb-2026
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आज होशियारपुर में विलेज डिफेंस कमेटी (वी.डी.सी.) के सदस्यों के साथ विशेष बैठक की और गांव स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा नशा तस्करी को रोकने के लिए जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया। राज्यपाल ने कहा कि वी.डी.सी. सदस्य गांवों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, लोगों को सतर्क करने और शांतिपूर्ण माहौल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने सदस्यों को प्रेरित किया कि वे युवाओं को खेलों, सांस्कृतिक गतिविधियों और गांव के विकास कार्यों में भागीदारी के लिए उत्साहित करें ताकि वे नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रह सकें। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में नशा तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित किया जाए।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और जिला प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। बैठक के दौरान कमेटी सदस्यों ने अपने अनुभव साझा करते हुए गांव स्तर पर सुरक्षा और जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी दिए।
राज्यपाल ने उनकी सेवा भावना की सराहना करते हुए कहा कि लोगों की सतर्कता से ही अपराध और नशा तस्करी पर अंकुश लगाया जा सकता है। इस अवसर पर राज्यपाल के प्रधान सचिव विवेक प्रताप सिंह, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन, एसएसपी संदीप कुमार मलिक, एडीसी निकास कुमार और एसडीएम मुकेरियां ओएशी मंडल भी उपस्थित थे।