5 Dariya News

"युद्ध नशे के विरुद्ध" : नशा विरोधी अभियान लोगों का अभियान बना - फिर बनेगा रंगला पंजाब : गुलाब चंद कटारिया

राज्यपाल पंजाब ने मुकेरियां में 'नशे के खिलाफ पदयात्रा' का नेतृत्व किया

5 Dariya News

मुकेरियां/होशियारपुर 23-Feb-2026

पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने पंजाब सरकार के "युद्ध नशे के विरुद्ध" अभियान को और गति देते हुए आज मुकेरियां में नशा मुक्त समाज के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से "नशे के खिलाफ पदयात्रा" के तहत आयोजित जन-जागरूकता अभियान में हिस्सा लिया। पंजाब केसीमावर्ती इलाकों से शुरू हुई यह नशा विरोधी यात्रा अब राज्य के आंतरिक जिलों में भी शुरू हो गई है।

"मदर्स अगेंस्ट ड्रग्स" थीम पर निकाली गई इस पदयात्रा में राजनीतिक, प्रशासनिक, सामाजिक, धार्मिक संगठनों, छात्रों, व्यापारियों, एनजीओज और नागरिकों की व्यापक भागीदारी के साथ यह यात्रा एक जन आंदोलन का रूप लेती नजर आई। कार्यक्रम की शुरुआत तहसील कॉम्प्लेक्स, मुकेरियां से हुई, जहां यात्रा का शुभारंभ एनसीसी कैडेट्स के बैंड के नेतृत्व में किया गया। 

गुब्बारे छोड़कर और खेल प्रतिभाओं द्वारा 'मशाल' जलाकर नशे के खिलाफ संघर्ष का संदेश दिया गया। "प्रतिज्ञा - ईक नई सोच" समूह की माताओं ने स्वागत किया और "युद्ध नशे के विरुद्ध" के नारों से जन जागरूकता का माहौल बनाया। पदयात्रा के दौरान स्कूल-कॉलेज के छात्रों, एनसीसी-एनएसएस वॉलंटियर्स, रेड रिबन क्लब, वीडीसी सदस्यों और सिविल डिफेंस वॉलंटियर्स ने मानव श्रृंखला बनाकर समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया। 

विभिन्न स्थानों पर सामाजिक संस्थाओं और संगठनों द्वारा राज्यपाल का स्वागत किया गया और सम्मान चिन्ह भेंट किए गए। 3 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा का समापन दशमेश गर्ल्स कॉलेज, चक्क अल्ला बख्श में हुआ। यहां शिवी शिवाए वेलफेयर सोसायटी द्वारा नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से पेश किया गया।

अपने संबोधन में राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि नशा समाज, परिवार और युवाओं के भविष्य को कमजोर करता है। उन्होंने कहा कि पंजाब की युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और इसे नशे की गिरफ्त से बचाना हम सभी की साझा जिम्मेदारी है। 

उन्होंने माता-पिता, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों और पंचायतों से अपील की कि वे जागरूकता अभियान को जन आंदोलन का रूप दें। राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि राज्य में युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान के तहत जन जागरण का बेमिसाल अभियान चल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा नशे के खात्मे के लिए राज्यव्यापी अभियान को काफी सफलता भी मिली है। 

उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ इस आंदोलन में जनता को ही सारथी बनना पड़ेगा तभी रंगला पंजाब का सपना साकार होगा।उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, सामाजिक संस्थाओं और वॉलंटियर्स की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस तरह के जन सहभागिता आधारित अभियान पंजाब को नशा मुक्त बनाने की दिशा में निर्णायक साबित होंगे।

इस मौके पर राज्यपाल के प्रधान सचिव विवेक प्रताप सिंह, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन, एसएसपी संदीप कुमार मलिक, एडीसी निकास कुमार, एसडीएम मुकेरियां ओएशी मंडल, पंजाब लिट फाउंडेशन के संस्थापक और लेखक खुशवंत सिंह के अलावा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, यूनिवर्सिटियों के वाइस चांसलर, कॉलेज प्रबंधक कमेटी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद थे।