गुलाब चंद कटारिया ने गुरुद्वारा पंज प्यारा साहिब में माथा टेक कर लिया आशीर्वाद
23 को मुकेरियां व 24 फरवरी को होशियारपुर में “वॉक अगेंस्ट ड्रग्स पदयात्रा” से देंगे नशामुक्त समाज का संदेश
5 Dariya News
होशियारपुर 22-Feb-2026
राज्यपाल पंजाब गुलाब चंद कटारिया ने ज़िले में नशा विरोधी अभियान की शुरुआत से पहले आज होशियारपुर पहुंचकर गुरुद्वारा साहिब जाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने गांव नंगल शहीदां में गुरुद्वारा पंज प्यारा साहिब में माथा टेक कर प्रदेश की शांति, समृद्धि और नशामुक्त समाज की कामना की।
होशियारपुर पहुंचने से पहले जिला प्रशासन ने राज्यपाल का स्वागत किया और जिले में नशा विरोधी अभियान से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी। राज्यपाल ने कहा कि समाज को नशे जैसी गंभीर समस्या से मुक्त करने के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने यह भी कहा कि जनभागीदारी के बिना नशामुक्त पंजाब का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता। गौरतलब है कि 23 फरवरी को राज्यपाल मुकेरियां में तहसील परिसर से तथा 24 फरवरी को डीएवी कॉलेज ऑफ एजुकेशन होशियारपुर से “वॉक अगेंस्ट ड्रग्स पदयात्रा” का शुभारंभ करेंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल पंजाब के प्रमुख सचिव विवेक प्रताप सिंह, डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन,अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर (विकास) निकास कुमार तथा एसडीएम गुरसिमरनजीत कौर सहित, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पदाधिकारी भी मौजूद थे।