चब्बेवाल से मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत श्रद्धालुओं की बस अमृतसर रवाना
विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने बस को दिखाई हरी झंडी
5 Dariya News
होशियारपुर 19-Feb-2026
विधानसभा क्षेत्र चब्बेवाल के विधायक डॉ. ईशांक कुमार द्वारा आज मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं की बस को धार्मिक यात्रा के लिए अमृतसर रवाना किया। इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के विरासत सेवा संगठन के प्रदेश सचिव एवं दोआबा ज़ोन प्रभारी तरुण अरोड़ा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
विधायक डॉ. ईशांक कुमार ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह योजना वरिष्ठ नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराने के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव और आध्यात्मिक जुड़ाव को मजबूत करती है। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं के ठहरने, भोजन और परिवहन की समुचित व्यवस्था की गई है।
उन्होंने बताया कि पहले दिनदुर्गयाना मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे। दूसरे दिन पार्टिशन म्यूज़ियम, जलियांवाला बाग तथा श्री हरिमंदिर साहिब में दर्शन एवं लंगर सेवा का अवसर मिलेगा। इसके अतिरिक्त वाघा बॉर्डर पर बीटिंग रिट्रीट समारोह भी दिखाया जाएगा। तीसरे दिन भगवान वाल्मीकि जी तीर्थ स्थल के दर्शन के पश्चात यात्रियों की वापसी होगी।
विधायक ने कहा कि भविष्य में भी योजना के अंतर्गत धार्मिक यात्राएं करवाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान सभी श्रद्धालुओं के लिए नाश्ता, चाय, लंच, हाई-टी एवं डिनर की व्यवस्था की गई है। बस रवाना होने से पूर्व श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला और उन्होंने पंजाब सरकार का आभार व्यक्त किया।