5 Dariya News

संगरूर के व्यापारियों की समस्याओं के समाधान हेतु ट्रेडर्स कमीशन की पहली जिला स्तरीय बैठक आयोजित

पंजाब सरकार ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सीधे व्यापारियों तक पहुंच बनाई : नरिंदर कौर भराज

5 Dariya News

संगरूर 17-Feb-2026

पंजाब सरकार द्वारा राज्य के व्यापारियों और कारोबारियों को व्यापार के लिए अनुकूल वातावरण प्रदान करने तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गठित पंजाब स्टेट ट्रेडर्स कमीशन की जिला स्तरीय इकाई द्वारा आज संगरूर के व्यापारियों के साथ किला मार्केट में पहली जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छोटे और मध्यम व्यापारियों ने भाग लेते हुए अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं।

इस मौके पर संगरूर की विधायक नरिंदर कौर भराज, डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा, ए.डी.सी. अंकुर महिंदरू तथा जिला ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन अरुण जिंदल भी उपस्थित थे। विधायक नरिंदर कौर भराज ने कहा कि पंजाब सरकार व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए स्वयं व्यापारियों तक पहुंच रही है। 

उन्होंने बताया कि सरकार का उद्देश्य व्यापार समर्थक नीतियों को और मजबूत करना तथा पारदर्शी शिकायत निवारण प्रणाली उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि पहली बार व्यापारियों के लिए जिला स्तर से भी नीचे विधानसभा क्षेत्र स्तर तक सुनवाई सुनिश्चित करने हेतु ट्रेडर्स कमीशन का गठन किया गया है तथा यह भी सुनिश्चित किया गया है कि कमीशन के चेयरमैन और सदस्य व्यापारी वर्ग से ही संबंधित हों।

उन्होंने कहा कि आज व्यापारियों द्वारा उठाई गई कुछ समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया है, जबकि शेष समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए हैं, जिनका निपटारा अगली बैठक से पहले सुनिश्चित किया जाएगा। डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने कहा कि जिला प्रशासन व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और प्रत्येक मामले का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित किया जाएगा। 

उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी समस्याएं लिखित रूप में दर्ज करवाएं, ताकि उनका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि ट्रेडर्स कमीशन के समक्ष रखी गई प्रत्येक समस्या जिला प्रशासन तक तुरंत पहुंचाई जाएगी और उस पर त्वरित कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी।

जिला स्तरीय ट्रेडर्स कमीशन के चेयरमैन अरुण जिंदल ने व्यापारियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान हेतु सीधे कमीशन से संपर्क करें, ताकि उन्हें त्वरित और प्रभावी सहायता प्रदान की जा सके। उन्होंने बताया कि वे प्रत्येक बुधवार को डिप्टी कमिश्नर कार्यालय स्थित जिला योजना समिति कार्यालय में व्यापारियों की समस्याएं सुनेंगे। 

इसके अतिरिक्त व्यापारी किसी भी समय ट्रेडर्स कमीशन के किसी भी सदस्य से सीधे संपर्क कर सकते हैं। व्यापारियों ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार की बैठकों से सरकार और व्यापारी समुदाय के बीच संवाद और अधिक सुदृढ़ होगा तथा जमीनी स्तर पर सामने आ रही समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित होगा। ए.ई.टी.सी. रोहित कुमार ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों और व्यापारियों का स्वागत करते हुए कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।

इस अवसर पर पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों, जिला योजना समिति के चेयरमैन गुरमेल सिंह घराचों, जिला चेयरमैन अरुण जिंदल, हलका चेयरमैन सुखजिंदर मान, हलका लहरा चेयरमैन प्रिंस गर्ग, हलका धूरी चेयरमैन पुष्पिंदर शर्मा, हलका सुनाम चेयरमैन राम कुमार, हलका दिड़बा चेयरमैन अजय बांसल, जी.एम. डी.आई.सी. राकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं व्यापारी प्रतिनिधि उपस्थित थे।