5 Dariya News

उड़ान संस्था का महत्वाकांक्षी बढ़ते कदम अभियान आरम्भ

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

धर्मशाला 24-Nov-2012

हिमाचल प्रदेश में समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत अग्रणी स्वयं सेवी संस्था ‘उड़ान’ द्वारा आयोजित महत्वाकांक्षी अभियान ‘बढ़ते कदम’ का शुभारम्भ आज यहां प्रदेश के संयुक्त आयुक्त, डिसऐबेलिटी श्री अभिषेक जैन ने किया। विकलांगता विषय पर आधारित यह कार्यक्रम आगामी 10 दिनों तक चलेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता बढ़ते कदम के राष्ट्रीय समन्वयक श्री मुत्थू सुब्रमणियम ने की। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को सम्बोधित करते हुए श्री अभिषेक जैन ने ‘उड़ान’ के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बढ़ते कदम कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश में आरम्भ कर उड़ान संस्था ने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है, जिसमें सरकार के साथ निजी क्षेत्र और आम आदमी की भागीदारी सुनिश्चित की गई है। उन्होंने कहा कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में विकलांगों की भागीदारी सुनिश्चित बनाना तथा इस वर्ग को समाज की मुख्यधारा में जोडऩा है। श्री जैन ने मोबाईल वैन को हरी झण्डी दिखाकर स्वयं सेवियों को रवाना किया। यह स्वयं सेवी आगामी दस दिनों के दौरान प्रदेश के सात जि़लों में जागरूकता मेले आयोजित करेंगे, जिसमें विशेष बच्चे, विभिन्न स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय लोग हिस्सा लेंगे।  श्री मुत्थू सुब्रमणियम ने उड़ान संस्था को बढ़ते कदम का ध्वज सौंपा, जिसे संस्था के स्वयंसेवी प्रदेशभर में लेकर जायेंगे। उन्होंने उड़ान द्वारा विशेष बच्चों के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की सराहना की। सतलुज जल विद्युत् निगम के महाप्रबन्धक श्री ए.के. मुखर्जी ने कहा कि निगम इस तरह के कार्यक्रमों को प्रोत्साहित करने के लिए हमेशा प्रयासरत रहता है। उल्लेखनीय है कि एस.जे.वी.एन.एल. कार्पोरेट सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए इस तरह के कार्यक्रम प्रायोजित करता है और इस अभियान को भी प्रायोजित किया है। इस अभियान को चलाने में सर्वशिक्षा अभियान और जे.पी. ग्रुप ने भी अग्रणी भूमिका अदा की है। इस अवसर पर बढ़ते कदम के हिमाचल के संयोजक श्री आर.एस. राणा ने सभी प्रतिनिधियों का स्वागत किया तथा इस कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। न्यू शिमला क्षेत्र के पार्षद श्री दीपक रोहाल ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद किया तथा इस अभियान के लिए हर संभव सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया। इस कार्यक्रम के अंतर्गत बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए टांगरी ज्वैलर और सत्या ज्वैलर ने उपहार प्रायोजित किये हैं।  इस अवसर पर शिमला की अनेक स्वयं सेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों के अलावा कई गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।