5 Dariya News

नरेंद्र मोदी के बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं अभियान से लोगों की सोच में आया बदलाव, लिंगानुपात में हुआ सुधार- कृष्ण बेदी

5 Dariya News

करनाल 13-Feb-2026

हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेटी बचाओं-बेटी पढ़ाओं अभियान चलाकर हरियाणा में कन्या भ्रुण हत्या के कलंक को मिटाने का काम किया है। इस अभियान के फल स्वरूप बेटियों के प्रति लोगों की सोच में बदलाव आया है और लिंगानुपात 820 से बढ़कर 913 का आंकड़ा पार कर गया है। 

प्रदेश में आज बेटियां शिक्षित और सुरक्षित है तथा महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बन रही है जोकि एक गर्व की बात है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी शुक्रवार को करनाल के एक महिला कॉलेज के सभागार में यंग इंडिया एकेडमी द्वारा आयोजित प्रारम्भ स्कॉलरशिप पुरस्कार वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।   

उन्होंने यंग इंडिया की ओर से स्कॉलरशिप व पुरस्कार वितरित किए। श्री बेदी ने कहा कि शास्त्रों में भी लिखा है कि जहां नारी की पूजा होती है वहां देवता निवास करते है। हम सब नारी शक्ति का सम्मान करें। नारी ही ऐसी शक्ति है, जो समाज की दिशा और दशा बदलने में अहम भूमिका निभाती है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत -2047 के सपने को साकार करने में भी नारी शक्ति का अहम रोल रहेेगा। आज देश व प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में आगें बढ़ रही है और सरकार द्वारा बेटियों का मनोबल बढ़ाया जा रहा है तथा महिला सशक्तिकरण पर विशेष बल दिया जा रहा है।

उन्होंने छात्राओं का आह्वान् किया  कि वह जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता अभियान के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि  यंग इंडिया एकेडमी विशेषकर लड़कियों को स्कॉलरशिप देकर एक सराहनीय कार्य कर रही है। 

इस स्कॉलरशिप के अंतर्गत युवाओं को 50 लाख रुपये छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी, जिससे एसएससी बैंकिंग, रेलवे एवं सिविल सर्विसेज जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर आत्मनिर्भर बन सकेंगे। कार्यक्रम में विधायक जगमोहन आनंद, एचआईआरडी नीलोखेड़ी के निदेशक डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान, डॉ. अनिल सिंघानिया, कॉलेज की प्राचार्य मीनू शर्मा, कॉलेज प्राध्यापक, छात्राएं और उनके अभिभावक मौजूद रहे।