5 Dariya News

मीनार-ए-बेगमपुरा व श्री गुरु रविदास मेमोरियल के अधूरे कार्य जल्द होंगे पूरे : जसवीर सिंह गढ़ी

पंजाब अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन ने मीनार-ए-बेगमपुरा का किया दौरा

5 Dariya News

गढ़शंकर/होशियारपुर 13-Feb-2026

पंजाब अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने आज संत समाज के साथ मीनार-ए-बेगमपुरा, श्री खुरालगढ़ साहिब का दौरा कर विकास कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हाल ही में श्री गुरु रविदास महाराज के पावन प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में यहां प्रदेश स्तरीय तीन दिवसीय समागम का सफल आयोजन किया गया, जिसमें मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान सहित कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों एवं भारी संख्या में संगत ने गुरु चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

जसवीर सिंह गढ़ी ने कहा कि उनका यह दौरा विशेष रूप से श्री गुरु रविदास जी मेमोरियल में चल रहे एवं लंबित कार्यों का जायजा लेने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि स्मारक से जुड़े अधूरे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करवाने के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक बुलाई जाएगी।

इसके अतिरिक्त आवश्यक प्रस्ताव राज्य सरकार के समक्ष रखे जाएंगे, ताकि पवित्र स्थल का समुचित विकास सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि श्री खुरालगढ़ साहिब, श्री गुरु रविदास महाराज जी की चरण छोह धरती है, जो देश-विदेश की संगत के लिए अटूट श्रद्धा का केंद्र है। 

इस ऐतिहासिक और धार्मिक स्थल के संरक्षण, सौंदर्यीकरण तथा आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए आयोग हर संभव प्रयास करेगा। इस अवसर पर तप स्थान श्री खुरालगढ़ साहिब के प्रधान भाई केवल सिंह, श्री चरण छोह गंगा के प्रधान संत सुरिंदर दास, गुरलाल सैला, चेयरमैन डॉ. कुलवरन सिंह, जीत सिंह बगवाई, करम चंद, नरेश सिंह, चरण भारती, सुखदेव सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।