श्याम सिंह राणा ने रादौर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं
5 Dariya News
रादौर 09-Feb-2026
हरियाणा के कृषि एवं पशुपालन मंत्री श्री श्याम सिंह राणा ने केंद्रीय बजट एवं विकसित भारत जी.राम.जी. अभियान तथा किसान चौपाल कार्यक्रम के तहत विधानसभा क्षेत्र रादौर के गांव गुमथला, संधाला, नाहरपुर, कमालपुर, बीच का माजरा, करेड़ा-2, कांसापुर, फर्कपुर, ईशोपुर, मंडौली और दामला सहित कई गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में देश की वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट पर चर्चा की और लोगों की समस्याएं भी सुनीं।
श्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट में विशेष रूप से कृषि प्रणाली को मजबूत और बेहतर बनाने के लिए लाखों करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इस बजट में हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखा गया है, जिससे देश के विकास को नई गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि कृषि के लिए निर्धारित राशि से किसानों को फसलों के बेहतर भाव, कृषि यंत्रों पर सब्सिडी तथा किसानों के हित में नई योजनाएं लागू की जाएंगी। केंद्र और प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देना है। कृषि मंत्री ने कार्यक्रम में बताया कि मनरेगा योजना को विकसित भारत अभियान से जोड़ा गया है और इसका विस्तार विकसित भारत जी.राम.जी. योजना के रूप में किया गया है।
उन्होंने कहा कि पहले मनरेगा के तहत 100 दिन का रोजगार दिया जाता था, जिसे अब बढ़ाकर 125 दिन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत एक लोकतांत्रिक देश है और उसकी विदेश नीति मजबूत हाथों में है, जहां देश की कार्यप्रणाली संविधान के अनुसार चलती है।
इसके विपरीत पाकिस्तान में सेना का प्रभाव अधिक है, जिससे वहां की व्यवस्था प्रभावित होती है। यही कारण है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पाकिस्तान की अपेक्षा भारत की विदेश नीति को अधिक महत्व दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली तथा दूरदर्शिता को देखते हुए भारत के साथ दोस्ती का हाथ बढ़ाया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने में सभी की सहभागिता आवश्यक है। श्री राणा ने कहा कि भाजपा एक संगठित पार्टी है और संगठित दल ही विकास के पथ पर आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है और संगठन को नई ऊर्जा प्रदान करता है।
उन्होंने कहा कि संतों के संग से आध्यात्मिक शांति मिलती है और प्रदेश सरकार ने सभी वर्गों के संतों की जयंती मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित हाथों में है। उन्होंने बताया कि रादौर विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक अंबेडकर भवनों का निर्माण कराया गया है और खेतों के रास्तों को पक्का करने का कार्य भी यहीं से शुरू हुआ था।
सरकार पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए देशी गाय की खरीद पर सब्सिडी भी उपलब्ध करा रही है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश के हर क्षेत्र में विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।