एफसीए मामलों की प्रगति को लेकर बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता
5 Dariya News
चंबा 09-Feb-2026
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के अंतर्गत वन मंडल चुराह से संबंधित विभिन्न स्वीकृति मामलों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने बैठक के दौरान 23 विभिन्न विभागीय परियोजनाओं के अंतर्गत स्वीकृति मामलों के तहत प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कन्या छात्रावास हिमगिरी से संबंधित भूमि मामले को अगली बैठक से पूर्व वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के तहत सभी विभागीय औपचारिकताओं को पूर्ण कर अनुमति के लिए मामला प्रेषित करने के निर्देश दिए। मुकेश रेपसवाल स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृति के द्वितीय चरण के अंतर्गत मामलों की अनुपालना शीघ्र सुनिश्चित बनाई जाए।
साथ में उन्होंने यह भी कहा कि अंतर विभागीय समन्वय के आधार पर स्वीकृति के दौरान विभिन्न चरणों पर लगने वाली आपत्तियों का समयबद्ध समाधान भी सुनिश्चित बनाया जाए। बैठक में अग्निशमन केंद्र भवन तीसा से मामले में प्रगति की जानकारी देते हुए विभागीय प्रतिनिधि ने अगवत किया कि विभिन्न आपत्तियों का समाधान कर एक सप्ताह के भीतर विवरण को पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, जल शक्ति विभाग से संबंधित विभिन्न विभागीय परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में वन मंडल अधिकारी चुराह सुशील कुमार सहायक अभियंता लोक निर्माण राजेश सहगल सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।