5 Dariya News

एशिया लैक्रोस चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेताओं का गढ़वाली में भव्य सम्मान

राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, कहा – हरियाणा खेल प्रतिभाओं के साथ मजबूती से खड़ा है

5 Dariya News

जींद 08-Feb-2026

सऊदी अरब के रियाद में 1 से 6 फरवरी तक आयोजित एशिया लैक्रोस चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले गांव गढ़वाली निवासी आशीष गोयत और जींद की खुशबू मलिक के सम्मान में गांव गढ़वाली में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने शिरकत की और दोनों विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

इस अवसर पर सांसद कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि आशीष गोयत और खुशबू मलिक जैसे खिलाड़ी आज के युवाओं के लिए प्रेरणा हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व कर स्वर्ण पदक जीतना बड़ी उपलब्धि है। ऐसे खिलाड़ियों को समाज और सरकार, दोनों का निरंतर सहयोग मिलना चाहिए ताकि वे आगे भी देश के लिए पदक जीतते रहें।

उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी अपने गांव, माता-पिता और क्षेत्र का नाम रोशन करता है, तो उसके पीछे केवल उसकी मेहनत नहीं होती, बल्कि परिवार, गुरुओं और शुभचिंतकों का योगदान भी होता है। माता-पिता और गुरु के मार्गदर्शन के बिना कोई भी ऊंचाइयों तक नहीं पहुंच सकता। बुजुर्गों का आशीर्वाद और मन में दृढ़ संकल्प हो, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं रहता।

सांसद ने कहा कि युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल सही अवसर और मार्गदर्शन की है। यदि यह दोनों मिल जाएं, तो भारत के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता हासिल कर सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में, विशेषकर ओलंपिक जैसे बड़े मंचों पर, ये खिलाड़ी देश का परचम लहराएंगे। 

हरियाणा सरकार खेलों के प्रति संवेदनशील रही है और खिलाड़ियों के मान-सम्मान व प्रोत्साहन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जुलाना से भाजपा के पूर्व प्रत्याशी कैप्टन योगेश बैरागी और बरोदा से पूर्व प्रत्याशी प्रदीप सांगवान उपस्थित रहे। 

कैप्टन योगेश बैरागी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर अंतरराष्ट्रीय मंच पर सफलता प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। मंच संचालन सरपंच एसोसिएशन के जिला प्रधान सुधीर बुआना ने किया। उन्होंने कहा कि गढ़वाली गांव के लिए यह ऐतिहासिक क्षण है और आने वाली पीढ़ियां इन खिलाड़ियों से प्रेरणा लेंगी। 

इस अवसर पर मार्केट कमेटी चेयरमैन मीनू शर्मा, कोच सोमनाथ, कोच राजपाल, चाप सिंह राठी, पूर्व सरपंच राजेश गोयत, अनिल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व ग्रामीण उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि एशिया लैक्रोस चैंपियनशिप में भारतीय महिला टीम ने पाकिस्तान को 20-9 से और पुरुष टीम ने इराक को 7-5 से हराकर स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा। 

इस ऐतिहासिक जीत में जींद के खिलाड़ियों खुशबू मलिक और आशीष गोयत तथा कोच राजपाल का योगदान सराहनीय रहा, जिन्होंने अनुशासित खेल, सटीक पोजिशनिंग और मजबूत डिफेंस से टीम इंडिया की जीत की मजबूत नींव रखी।