5 Dariya News

कार्तिकेय शर्मा ने अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कालका–अंबाला क्षेत्र के लंबे समय से लंबित रेल मुद्दे उठाए

5 Dariya News

नई दिल्ली 03-Feb-2026

राज्यसभा के माननीय सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने माननीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर कालका–अंबाला क्षेत्र एवं आसपास के इलाकों से जुड़े लंबे समय से लंबित रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं के मुद्दे प्रमुखता से उठाए। यह मुलाकात उन विषयों के संदर्भ में हुई, जिन्हें माननीय सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने एक दिन पूर्व संसद में उठाया था। 

सांसद ने बताया कि क्षेत्र की कई महत्वपूर्ण रेल सेवाएं वर्षों से लंबित हैं, जिसके कारण आम नागरिकों, तीर्थयात्रियों, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों और व्यापारियों को लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मुलाकात के दौरान माननीय सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने विशेष रूप से ट्रेन संख्या 14887/14888 बारमेर–कालका एक्सप्रेस के पुनः संचालन की मांग रखी। 

उन्होंने कहा कि यह ट्रेन कोविड काल के दौरान बंद कर दी गई थी, जबकि यह कालका, चंडीगढ़ एवं हिमाचल क्षेत्र को राजस्थान के हनुमानगढ़, बीकानेर, जोधपुर और बारमेर जैसे प्रमुख शहरों से जोड़ने वाली एकमात्र सीधी रेल सेवा थी। इसके बंद होने से कालका–अंबाला क्षेत्र के यात्रियों को भारी असुविधा हो रही है।

इसके अतिरिक्त सांसद ने कालका से हरिद्वार एवं कालका से दिल्ली के लिए नियमित एवं किफायती यात्री रेल सेवाएं प्रारंभ करने, कालका–अमृतसर नई ट्रेन सेवा शुरू करने तथा कालका–शिरडी और कालका–कटरा तीर्थयात्री ट्रेनों की साप्ताहिक आवृत्ति वर्तमान तीन दिन से बढ़ाकर कम से कम छह दिन करने की मांग भी रखी।

माननीय सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि ये रेल सेवाएं केवल यात्रा सुविधा का विषय नहीं हैं, बल्कि क्षेत्रीय संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, व्यापार और धार्मिक यात्राओं से सीधे जुड़ी हुई हैं। सस्ती और नियमित रेल सेवाओं के अभाव में आम नागरिकों को महंगे निजी साधनों पर निर्भर होना पड़ता है, जिससे उन पर अनावश्यक आर्थिक बोझ पड़ता है।

उल्लेखनीय है कि इन सभी विषयों को माननीय सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने कल संसद में प्रमुखता से उठाया था। आज हुई मुलाकात के दौरान माननीय रेल मंत्री ने कालका–अंबाला क्षेत्र से जुड़े इन मुद्दों को संज्ञान में लेते हुए शीघ्र कार्यवाही और समाधान का आश्वासन दिया।

माननीय सांसद श्री कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि जनहित से जुड़े इन विषयों पर उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा और वे तब तक इन मुद्दों को आगे बढ़ाते रहेंगे, जब तक क्षेत्र की जनता को इसका ठोस लाभ नहीं मिल जाता।