5 Dariya News

रयात बाहरा यूनिवर्सिटी में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया

5 Dariya News

मोहाली 26-Jan-2026

रयात बाहरा यूनिवर्सिटी  में 77वां गणतंत्र दिवस पूरे उत्साह, देशभक्ति और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के चांसलर एवं ग्रुप के चेयरमैन  गुरविंदर सिंह बाहरा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इस अवसर पर समूह के वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) संजय कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए चांसलर  गुरविंदर सिंह बाहरा ने देश के स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनकी अमूल्य कुर्बानियों के कारण ही आज हम स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक अधिकारों का लाभ उठा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे संविधानिक मूल्यों को आत्मसात करते हुए देश की समृद्धि, एकता और प्रगति में सक्रिय योगदान दें।

उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस भारत का एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय पर्व है, जिसे हर वर्ष 26 जनवरी को मनाया जाता है। इसी दिन वर्ष 1950 में भारत का संविधान लागू हुआ, जिससे देश एक संप्रभु, लोकतांत्रिक गणराज्य बना।इस अवसर पर समूह वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) संजय कुमार ने भी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शहीदों की कुर्बानियों को स्मरण किया और संविधान के प्रति सम्मान व उसकी पालना का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया और देश की आज़ादी के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विश्वविद्यालय से लंबे समय से जुड़े कर्मचारियों को विशेष रूप से सम्मानित भी किया गया। समारोह में प्रो-वाइस चांसलर प्रो. (डॉ.) एस. के. बंसल, विभिन्न विभागों के निदेशक तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।