कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत ने 77वें गणतंत्र दिवस पर एस.ए.एस. नगर में तिरंगा फहराया
भगवंत सिंह मान सरकार बेहतर स्वास्थ्य, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मुहैया करवाने तथा नशों व गैंगस्टरों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध: मोहिंदर भगत
5 Dariya News
साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर 26-Jan-2026
पंजाब के रक्षा सेवाएं कल्याण, स्वतंत्रता सेनानी एवं बागवानी मंत्री श्री मोहिंदर भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, रोजगार के अवसर तथा नशा मुक्त पंजाब के निर्माण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है। वे साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर जिले में आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर संबोधित कर रहे थे।
कैबिनेट मंत्री ने शहीद मेजर हरमिंदर पाल सिंह सरकारी कॉलेज, फेज-6, मोहाली में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के उपरांत स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया, भारतीय संविधान के शिल्पकार डॉ. बी.आर. अंबेडकर के योगदान को स्मरण किया तथा देश की एकता और अखंडता की रक्षा करने वाली तीनों सशस्त्र सेनाओं के वीर जवानों को सलाम किया।
श्री भगत ने बताया कि भगवंत सिंह मान सरकार देश की पहली सरकार है, जिसने सशस्त्र बलों में ड्यूटी के दौरान शहीद होने पर राज्य द्वारा दी जाने वाली एक्स-ग्रेशिया राशि को 50 लाख रुपये से बढ़ाकर 1 करोड़ रुपये किया है। यह वित्तीय सहायता अग्निवीरों पर भी लागू है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की पेंशन बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है तथा उनके आश्रितों के लिए सरकारी नौकरियों में 1 प्रतिशत आरक्षण भी सुनिश्चित किया गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रकाश डालते हुए मंत्री ने कहा कि हाल ही में शुरू की गई मुख्यमंत्री सेहत योजना के तहत राज्य के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज प्रदान किया जा रहा है, जो सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में उपलब्ध है। इस योजना में 2356 मेडिकल पैकेज शामिल किए गए हैं, ताकि कोई भी नागरिक इलाज से वंचित न रहे।उन्होंने बताया कि राज्य में अब तक 63 हजार से अधिक नौकरियां पूरी तरह मेरिट के आधार पर दी जा चुकी हैं।
कैबिनेट मंत्री ने दृढ़ता से कहा कि पंजाब सरकार नशों एवं गैंगस्टरों के विरुद्ध निर्णायक लड़ाई के अहम चरण में प्रवेश कर चुकी है। इस अभियान के तहत लगभग 45 हजार नशा तस्करों को जेल भेजा गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही पंजाब नशों और गैंगस्टरवाद से मुक्त होगा।उन्होंने कहा कि एक समय था जब पंजाब देश के अग्रणी राज्यों में शामिल था और अब सरकार जन-हितैषी नीतियों के माध्यम से उस गौरवशाली स्थान को पुनः प्राप्त करने तथा पंजाब को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
श्री भगत ने जानकारी दी कि प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 का आयोजन 13 से 15 मार्च तक मोहाली में किया जाएगा, जिसमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में उद्योगपति भाग लेंगे।वित्तीय उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े तीन वर्षों में पंजाब सरकार ने आबकारी से 36,948 करोड़ रुपये, जी.एस.टी. से 81,417 करोड़ रुपये तथा स्टांप ड्यूटी एवं पंजीकरण से 19,016 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया है, जो पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में उल्लेखनीय रूप से अधिक है।
उन्होंने बताया कि बागवानी क्षेत्र के अंतर्गत रकबा बढ़कर 5.91 लाख हेक्टेयर हो गया है, जिससे राज्य में बागवानी को बड़ा प्रोत्साहन मिला है।उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान जन-हितैषी नीतियों के साथ “रंगला पंजाब” के निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान डी.एस.पी. सिटी-1 पृथ्वी सिंह चहल के नेतृत्व में भव्य मार्च पास्ट, एन.सी.सी. कैडेट्स की भागीदारी, स्कूली विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, सी.एम. की योगशाला के माध्यम से स्वस्थ पंजाब का संदेश तथा जन-कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं।
इस अवसर पर जिला रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा जरूरतमंदों को 13 सिलाई मशीनें वितरित की गईं तथा कैबिनेट मंत्री द्वारा पांच वीर नारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री द्वारा सराहनीय एवं उत्कृष्ट सेवाओं के लिए 81 व्यक्तियों को सम्मानित भी किया गया।समारोह में उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में डॉ. सनी सिंह आहलूवालिया, चेयरमैन, पंजाब वाटर सप्लाई एवं सीवरेज बोर्ड; नरिंदर सिंह शेरगिल, चेयरमैन, मिल्कफेड; परमिंदर पाल सिंह, चेयरमैन, पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड तथा श्रीमती प्रभजोत कौर, चेयरपर्सन, जिला योजना समिति शामिल थीं।
पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों में स्पेशल डी.जी.पी. (ट्रैफिक) ए.एस. राय, डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल, नगर निगम कमिश्नर परमिंदर पाल सिंह, एस.एस.पी. हरमनदीप सिंह हांस, सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुरभि पराशर तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।