सोहाना अस्पताल मोहाली द्वारा 500 रोबोटिक सर्जरी पूरी
कैंसर, यूरोलॉजी, गायनी और जटिल जनरल रोबोटिक सर्जरी के मरीजों ने सकारात्मक परिणामों के अनुभव साझा किए
5 Dariya News
मोहाली 24-Jan-2026
उत्तरी भारत में उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं के अग्रणी संस्थान सोहाना अस्पताल, सेक्टर 77 मोहाली ने अपने रोबोटिक प्रोग्राम के तहत 500 सफल रोबोटिक सर्जरी पूरी कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह मील का पत्थर अस्पताल की विश्वस्तरीय तकनीक और मरीजों की बेहतर देखभाल के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
अस्पताल में ये सर्जरी अनुभवी सर्जनों द्वारा प्रोस्टेट और ब्लैडर कैंसर, किडनी संबंधी प्रक्रियाओं, गर्भाशय निकालने, हर्निया रिपेयर, पित्त की पथरी तथा कैंसर के अन्य उपचारों के लिए की जा रही हैं। इस अवसर पर मरीजों के लिए विशेष पैकेजों की घोषणा की गई, जिनमें सर्जरी के लिए मुफ्त परामर्श सुविधा, रोबोटिक सर्जरी से पहले के परीक्षणों पर 50त्न की छूट, रोबोटिक कैंसर सर्जरी के लिए विशेष रियायती पैकेज और सर्जरी के बाद दो मुफ्त फॉलो-अप विज़िट शामिल हैं।
इतनी बड़ी संख्या में सफल सर्जरी रोबोटिक प्रोग्राम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इस मौके पर कैंसर, यूरोलॉजी, गायनी और जटिल जनरल रोबोटिक सर्जरी के मरीजों ने अपने अनुभव साझा करते हुए इस तकनीक के सकारात्मक परिणामों की जानकारी दी।
उल्लेखनीय है कि मेडिकल तकनीक की अत्याधुनिक चौथी पीढ़ी की इस रोबोटिक प्रणाली से विशेषज्ञ सर्जनों को जटिल सर्जरी करने में अधिक दक्षता मिलती है और कठिन प्रक्रियाएं आसानी से की जा सकती हैं। इससे ऑपरेशन के दौरान होने वाला दर्द और समय दोनों ही काफी कम हो जाते हैं।
इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए डॉ. गगनदीप सिंह सचदेवा ने कहा कि 500 रोबोटिक सर्जरी पूरी करना हमारी जिम्मेदारी और समर्पण का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य इस महंगी तकनीक को आम लोगों की पहुंच में लाना है। वहीं, चीफ यूरो रोबोटिक सर्जन डॉ. करमवीर सिंह सभरवाल ने जानकारी देते हुए कहा कि रोबोटिक तकनीक से जटिल कैंसर सर्जरी में सटीकता बढ़ती है, जिससे मरीजों के लिए यह अधिक सुरक्षित बनती है।
इस अवसर पर मरीजों से रूबरू होते हुए सोहाना अस्पताल के ट्रस्ट सचिव गुरमीत सिंह ने कहा कि हमारे निरंतर प्रयास सभी मरीजों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए हैं, जिसे हम इस सर्जिकल रोबोट की उत्कृष्टता के माध्यम से पूरा कर रहे हैं। उन्होंने आगे बताया कि 1995 में स्थापना के बाद से ही सोहाणा अस्पताल मोहाली ने नवाचार को प्राथमिकता दी है, जिसके परिणामस्वरूप आज यह 28 से अधिक सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं वाला 400 बिस्तरों का एक स्थापित अस्पताल बन चुका है।
दिसंबर 2024 में विश्वस्तरीय अत्याधुनिक चौथी पीढ़ी की रोबोटिक सर्जिकल प्रणाली शुरू की गई, जो मरीजों में काफी लोकप्रिय हो चुकी है। इस दौरान कई मरीजों ने रोबोटिक सर्जरी के अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि उनकी रिकवरी "बेहद शानदार" रही और उन्हें ऑपरेशन के बाद किसी प्रकार का दर्द या असुविधा महसूस नहीं हुई।
साथ ही सभी मरीजों ने मानवता की सेवा में समर्पित सेवाओं के लिए सोहाणा अस्पताल ट्रस्ट का धन्यवाद किया।