चितकारा यूनिवर्सिटी और अमेरिका की यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड ने सेक्टर-17 के पुनर्विकास पर विंटर स्कूल आयोजित किया
5 Dariya News
चंडीगढ़ 22-Jan-2026
चंडीगढ़ के सिटी सेंटर सेक्टर-17 को नए सिरे से विकसित करने को लेकर चितकारा स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर, चितकारा यूनिवर्सिटी, पंजाब तथा स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड प्रिज़र्वेशन, यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड, अमेरिका के छात्रों ने मिलकर अभिनव सुझाव पेश किए। इस 17 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय विंटर स्कूल का समापन छात्रों की फाइनल प्रेजेंटेशन के साथ हुआ, जिसमें सेक्टर-17 के पुनर्विकास को लेकर आधुनिक शहरी समाधान प्रस्तुत किए गए।
चितकारा स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर तथा यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड के स्कूल ऑफ आर्किटेक्चर, प्लानिंग एंड प्रिज़र्वेशन के संयुक्त तत्वावधान में इस विंटर स्कूल में यूनिवर्सिटी ऑफ मैरीलैंड के 10 और चितकारा यूनिवर्सिटी के 12 छात्रों ने हिस्सा लिया। डिज़ाइन स्टूडियो का मार्गदर्शन आर्किटेक्ट सुरिंदर बग्गा, प्रिंसिपल आर्किटेक्ट, साकार फाउंडेशन ने किया।
फाइनल जूरी के दौरान छात्रों ने साइट एनालिसिस, पॉलिसी स्टडी, डेवलपमेंट फ्रेमवर्क और फाइनेंशियल फिज़िबिलिटी पर आधारित विस्तृत प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए। जूरी सदस्यों ने प्रेजेंटेशन की सराहना करते हुए कहा कि कई प्रस्ताव ऐसे हैं, जो भविष्य में चंडीगढ़ के सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्ट को नया जीवन देने में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
इस मौके पर चितकारा यूनिवर्सिटी की प्रो चांसलर डॉ. मधु चितकारा ने कहा, “यह विंटर स्कूल वैश्विक शैक्षणिक सहयोग और प्रैक्टिकल लर्निंग के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ऐसे कार्यक्रम छात्रों को वास्तविक शहरी चुनौतियों से जोड़ते हैं और उन्हें अंतरराष्ट्रीय दृष्टिकोण प्रदान करते हैं।”
कार्यक्रम के समापन पर दोनों संस्थानों के फैकल्टी सदस्यों और छात्रों को सम्मानित किया गया। यह पहल अंतरराष्ट्रीय अकादमिक सहयोग और अनुभवात्मक शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।