नशा विरोधी पदयात्रा का चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने किया नेतृत्व
गांव सलेमपुर में नशा विरोधी पदयात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी
5 Dariya News
धूरी 21-Jan-2026
पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में धूरी विधानसभा क्षेत्र के गांव सलेमपुर में “युद्ध नशों विरुद्ध” अभियान के तहत नशों के खिलाफ पदयात्रा निकाली गई। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों, नशा विरोधी अभियान के समन्वयकों, वार्ड पहरेदारों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पदयात्रा के दौरान “नशे छोड़ो, कोढ़ मिटाओ” जैसे नारों के माध्यम से लोगों को नशों के खिलाफ जागरूक किया गया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में “युद्ध नशों विरुद्ध” अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत घर-घर तक पहुंच बनाई जा रही है, ताकि नशों की इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त किया जा सके।
उन्होंने कहा कि नशों के खात्मे के लिए आम जनता का सहयोग अत्यंत आवश्यक है, इसलिए लोग इस अभियान से बढ़-चढ़कर जुड़ें। उन्होंने बताया कि धूरी क्षेत्र में नशों के खिलाफ लगातार पदयात्राएं निकाली जा रही हैं तथा घर-घर संपर्क कर लोगों को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस अभियान को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है, जो समाज में सकारात्मक बदलाव का संकेत है। चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने कहा कि नशा किसी भी समस्या का समाधान नहीं है, बल्कि इससे समस्याएं और अधिक बढ़ जाती हैं।
इसी कारण नशे के आदी लोगों को उपचार के लिए प्रेरित किया जा रहा है तथा उनके पुनर्वास के लिए भी ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशों के विरुद्ध इस लड़ाई में प्रशासन और सरकार का पूरा सहयोग दें।
इस अवसर पर सरपंच भीम सिंह, चेयरमैन पी.ए.डी.बी. शेरपुर तरलोचन सिंह, मनप्रीत मनी, जगतार सिंह, हरमेल सिंह, हरजिंदर सिंह काका, हरपाल सिंह, महिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।