हेमराज बैरवा ने विभिन्न योजनाओं के तहत दिव्यांगजन व वरिष्ठ नागरिकों को वितरित किए 35.11 लाख के सहायक उपकरण
रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा एडिप एवं आरवीवाई योजना के अंतर्गत सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन
5 Dariya News
धर्मशाला 17-Jan-2026
रेडक्रॉस सोसायटी के तत्वावधान में आज कांगड़ा में विकलांग व्यक्तियों को सहायता (एडिप) एवं आरवीवाई (राष्ट्रीय व्योश्री योजना) के अंतर्गत दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को एल्मिको के सहयोग से सहायक उपकरण उपलब्ध करवाने हेतु एक विशेष वितरण शिविर का आयोजन किया गया।शिविर में उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाएं दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम हैं। सहायक उपकरणों के माध्यम से लाभार्थियों के दैनिक जीवन को सुगम बनाया जा रहा है, जिससे वे सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सकें।उपायुक्त ने बताया कि इस शिविर के अंतर्गत पूर्व में 9 दिसंबर 2024 से 16 दिसंबर 2024 तक लाभार्थियों का आकलन किया गया था, जिसके उपरांत आज उपकरणों का वितरण किया गया।
शिविर में ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, कमोड चेयर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, वांकंग स्टिक, वॉकर, रोलैटर, नी-ब्रेस, एलएस बेल्ट, कुशन, कृत्रिम अंग एवं अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।उन्होंने जानकारी दी कि शिविर के माध्यम से कुल 1158 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनकी कुल अनुमानित लागत 35.11 लाख रुपये रही। एडिप योजना के अंतर्गत 352 लाभार्थियों को तथा आवीवाई योजना के अंतर्गत 806 वरिष्ठ नागरिकों को लाभान्वित किया गया।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के शिविरों का आयोजन कर दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे, ताकि जिले के सभी दिव्यांगजन और वरिष्ठ नागरिक अधिक सुविधा, आत्मनिर्भरता और सम्मान के साथ अपना दैनिक जीवन यापन कर सकें।इस अवसर पर जिला कल्याण अधिकारी साहिल मांडला, जिला रेडक्रॉस सोसायटी के वरिष्ठ सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।