5 Dariya News

थोड़ी देर में ज्यादा शराब पीना हो सकता है आंतों के लिए घातक : स्टडी

5 Dariya News

नई दिल्ली 09-Jan-2026

एक अध्ययन में बताया गया है कि थोड़ी देर में बहुत ज्यादा शराब पी लेना आंत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसे आम भाषा में बिंज ड्रिंकिंग कहा जाता है, जिसका मतलब है महिलाओं के लिए लगभग दो घंटे में चार ड्रिंक या पुरुषों के लिए पांच ड्रिंक पीना। अध्ययन के अनुसार, केवल एक बार इस तरह शराब पीने से आंत की अंदरूनी परत कमजोर हो सकती है। 

इससे आंत की वह क्षमता घट जाती है, जो बैक्टीरिया और जहरीले तत्वों को खून में जाने से रोकती है। इस स्थिति को “लीकी गट” कहा जाता है। यानी आंत में छोटे-छोटे रिसाव हो जाते हैं, जिनसे नुकसानदायक तत्व शरीर में पहुंच सकते हैं। हार्वर्ड मेडिकल स्कूल में मेडिसिन की प्रोफेसर और इस स्टडी की मुख्य लेखिका ग्योंगी जाबो ने कहा कि हमें पहले से यह पता था कि लंबे समय तक बहुत ज्यादा शराब पीने से आंत और लिवर को नुकसान होता है, लेकिन यह साफ नहीं था कि शुरुआत में, यानी पहली ही बार ज्यादा शराब पीने पर, आंत में क्या बदलाव होते हैं। 

इस अध्ययन से पता चला कि थोड़े समय के लिए भी ज्यादा शराब पीने से आंत में सूजन आ सकती है और उसकी सुरक्षा परत कमजोर हो सकती है। यही आगे चलकर शराब से जुड़ी आंत और लिवर की बीमारियों की शुरुआत बन सकती है। हार्वर्ड मेडिकल स्कूल और अमेरिका के बेथ इजराइल डेकोनेस मेडिकल सेंटर की टीम ने मिलकर पता लगाया कि ज़्यादा शराब पीने से आंतों को कैसे नुकसान होता है, और क्यों यह नुकसान आखिरी पैग के काफी समय बाद तक असर दिखा सकता है। 

इसके लिए उन्होंने देखा कि कम समय में ली गई ज्यादा मात्रा की शराब आंत के अलग-अलग हिस्सों को कैसे प्रभावित करती है। परिणामों से पता चला कि थोड़ी देर के लिए भी बहुत ज्यादा शराब पीने से आंत को चोट पहुंचती है। इससे शरीर की रक्षा करने वाली कुछ कोशिकाएं आंत की परत में जमा होने लगती हैं। ये कोशिकाएं आमतौर पर कीटाणुओं से लड़ने के लिए शरीर में रिजर्व होती हैं। 

इनमें न्यूट्रोफिल नाम की प्रतिरक्षा कोशिकाएं शामिल हैं। ये कोशिकाएं जाल जैसी संरचनाएं छोड़ सकती हैं, जिन्हें नेट्स कहा जाता है। ये नेट्स छोटी आंत के ऊपरी हिस्से को नुकसान पहुंचाती हैं और उसकी दीवार को कमजोर कर देती हैं। इसी वजह से आंत में रिसाव होने लगता है और जहरीले तत्व खून में प्रवेश कर जाते हैं। जब वैज्ञानिकों ने एक साधारण एंजाइम की मदद से इन नेट्स को ब्लॉक किया, तो उन्होंने देखा कि आंत की परत में प्रतिरक्षा कोशिकाओं की संख्या कम हो गई और बैक्टीरिया का रिसाव भी घट गया। 

यानी उस एंजाइम ने आंत को होने वाले नुकसान से बचाने में मदद की। कुल मिलाकर, यह अध्ययन बताता है कि कभी-कभार भी कम समय में बहुत ज्यादा शराब पीना सेहत के लिए सुरक्षित नहीं है, क्योंकि इससे आंत कमजोर हो सकती है और शरीर में सूजन और दूसरी समस्याओं की शुरुआत हो सकती है।