पेक और इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड के बीच एमओए हुआ साइन
5 Dariya News
चंडीगढ़ 06-Jan-2026
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), चंडीगढ़ ने आज इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (आईओसीएल) के साथ एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओए) पर हस्ताक्षर किए। यह सहयोग शैक्षणिक संस्थान और उद्योग के बीच साझेदारी को सशक्त बनाने तथा अनुसंधान अवसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
एमओए पर हस्ताक्षर आईओसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों श्री आरिफ अख्तर, महाप्रबंधक (सीएसआर)/पीएसओ; श्री अंजनी कुमार, एसआईबीएच, पीएसओ; श्री दुश्यंत सिंह, डीआईबीएच, सीडीओ; तथा श्री आलोक कुमार, वरिष्ठ प्रबंधक (आईबी), सीडीओ, तथा इंजीनियर राजीव गुप्ता, आईएएस, श्रम आयुक्त एवं निदेशक परिवहन, पंजाब की गरिमामयी उपस्थिति में किए गए। वहीं पेक की ओर से निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया; प्रो. अरुण कुमार सिंह; डॉ. दीपक कुमार; डॉ. सिमरनजीत सिंह; डॉ. जसकीरत कौर, तथा डॉ. जसबीर कौर उपस्थित रहे।
इस एमओए के अंतर्गत आईओसीएल द्वारा ₹10.77 लाख की सीएसआर सहायता “थिन फिल्म ट्रांजिस्टर आधारित गैस सेंसरों के निर्माण एवं विकास” शीर्षक अनुसंधान परियोजना के लिए प्रदान की गई है। यह राशि पेक के सेमीकंडक्टर रिसर्च सेंटर के लिए एक एडवांस्ड ऑप्टिकल माइक्रोस्कोप की स्थापना हेतु उपयोग की जाएगी, जिससे संस्थान की अनुसंधान क्षमताओं में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
प्रारंभ में प्रो. अरुण कुमार सिंह ने एमओए के प्रमुख बिंदुओं एवं परियोजना के उद्देश्यों की जानकारी दी। इस अवसर पर निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया ने कहा कि आईओसीएल जैसे अग्रणी सार्वजनिक उपक्रमों के साथ इस प्रकार के सहयोग पेक की अनुसंधान सुविधाओं को विस्तार देने के साथ-साथ विद्यार्थियों और शिक्षकों को अत्याधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध होते हैं।
यह समझौता पेक की इनोवेशन, अनुसंधान उत्कृष्टता और उद्योग सहयोग के प्रति सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।