गुरु तेग बहादुर साहिब की शहादत और गुरु गोबिंद सिंह साहिब द्वारा सर्वस्व न्योछावर करने के कारण ही मिली धार्मिक स्वतंत्रता : तरुनप्रीत सिंह सौंद
कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में नतमस्तक हुए
5 Dariya News
फतेहगढ़ साहिब 26-Dec-2025
पंजाब के कैबिनेट मंत्री स. तरुनप्रीत सिंह सौंद गुरुद्वारा श्री सुख सागर साहिब, खन्ना से संगती रूप में पैदल यात्रा कर रतनहेड़ी, भादला, डडहेड़ी और डेरा मीर मीरा होते हुए छोटे साहिबजादों बाबा जोरावर सिंह, बाबा फतेह सिंह और माता गुजरी जी की लासानी शहादत की याद में आयोजित 'शहीदी सभा' के अवसर पर गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब पहुंचकर नतमस्तक हुए।
इस अवसर पर मीडिया से बातचीत के दौरान कैबिनेट मंत्री ने कहा कि आज यदि हम धार्मिक स्वतंत्रता का आनंद ले रहे हैं, तो यह गुरु तेग बहादुर साहिब जी की शहादत और गुरु गोबिंद सिंह साहिब जी द्वारा अपना सर्वस्व (परिवार) न्योछावर करने के कारण ही संभव हुआ है। इतनी महान शहादतों की मिसाल दुनिया में कहीं और नहीं मिलती।
उन्होंने कहा कि वह गुरु साहिब के चरणों में अरदास करने आए हैं कि पंजाब पूरी तरह से नशा मुक्त हो और राज्य में इतनी चढ़दीकला आए कि जैसे पंजाब पहले देश में प्रथम स्थान पर होता था, वैसे ही पुनः प्रथम स्थान पर आ जाए। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अकाल पुरख अपना मेहर भरा हाथ रखें ताकि पंजाब सरकार दिन-रात एक करके काम करे और राज्य दिन दोगुनी-रात चौगुनी प्रगति करे।
उन्होंने बताया कि वे जत्थे के रूप में अरदास करके गुरुद्वारा श्री सुख सागर साहिब, खन्ना से रवाना हुए थे और जत्था पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ श्री फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती पर पहुंचा है। कैबिनेट मंत्री तरुनप्रीत सिंह सौंद ने संगत से विनती की कि वे छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी की शहादतों को सदैव अपने मन में बसाकर रखें और समाज सेवा के कार्य करें।
इस अवसर पर विभिन्न अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में संगत उपस्थित थी।