5 Dariya News

अटल बिहारी वाजपेई के विचार आज भी भारत की दिशा तय कर रहे हैं

जन्म शताब्दी पर भाजपा प्रदेश कार्यालय में स्मृति प्रदर्शनी का अनावरण

5 Dariya News

चंडीगढ़ 25-Dec-2025

भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी के अवसर पर आज भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेई के जीवन, विचारों, संघर्षों और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को दर्शाने वाली स्मृति प्रदर्शनी का अनावरण प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा तथा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हिमाचल प्रदेश के सह प्रभारी संजय टंडन द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता रघुवीर लाल अरोड़ा, जितेंद्र चोपड़ा और देशराज टंडन को संगठन एवं समाज के प्रति उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। 

सभी उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेई के चित्र पर पुष्प माल्यार्पण कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई का संपूर्ण जीवन राष्ट्र के प्रति समर्पण, त्याग और सिद्धांतों की राजनीति का प्रतीक रहा है। 

उन्होंने राजनीति को कभी सत्ता प्राप्ति का साधन नहीं बनाया, बल्कि इसे देश सेवा का सशक्त माध्यम बनाया। उनका जीवन विचार, आचरण और नीति की अद्भुत एकरूपता का उदाहरण है। जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई ऐसे नेता थे, जिनकी स्वीकार्यता केवल समर्थकों तक सीमित नहीं रही, बल्कि विरोधी भी उनके व्यक्तित्व और विचारों का सम्मान करते थे। 

लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संवाद और सहमति की राजनीति उनकी पहचान रही। भारत को परमाणु शक्ति संपन्न बनाना, सशक्त और आत्मविश्वासी विदेश नीति, सड़कों और आधारभूत ढांचे का विस्तार तथा अंत्योदय की भावना उनके दूरदर्शी नेतृत्व की अमिट पहचान है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अटल बिहारी वाजपेई द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए तेज गति से प्रगति कर रहा है। आत्मनिर्भर भारत, मजबूत राष्ट्रीय सुरक्षा और समावेशी विकास उसी वैचारिक धारा का विस्तार है, जिसकी नींव अटल बिहारी वाजपेई ने रखी थी।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेई की जन्म शताब्दी केवल स्मरण का अवसर नहीं है, बल्कि उनके विचारों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेने का अवसर है। अटल के आदर्श आज भी भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए ऊर्जा, दिशा और प्रेरणा का स्रोत हैं।