चंडीगढ़ प्रशासन ने पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों की विधवाओं के लिए कल्याण सहायता बढ़ाई
5 Dariya News
चंडीगढ़ 15-Dec-2025
विशेष कोष -पूर्व सैनिकों के पुनर्निर्माण एवं पुनर्वास हेतु प्रबंध समिति की वार्षिक बैठक 15 दिसंबर 2025 को नव सचिवालय भवन, सेक्टर-9, चंडीगढ़ में श्री एच. राजेश प्रसाद, आईएएस, मुख्य सचिव, यू.टी. चंडीगढ़ की अध्यक्षता में आयोजित की गई।बैठक में श्री मनदीप सिंह बराड़, आईएएस, गृह सचिव, चंडीगढ़ तथा श्री निशांत कुमार यादव, आईएएस, उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला सैनिक बोर्ड भी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त एयर मार्शल सुखचैन सिंह, एवीएसएम, वीएसएम (सेवानिवृत्त), ब्रिगेडियर गुरगोपत सिंह (सेवानिवृत्त) एवं लेफ्टिनेंट कर्नल टी.एस. तोमर ने रक्षा मंत्रालय एवं पूर्व सैनिक कल्याण विभाग के नामित प्रतिनिधियों के रूप में बैठक में भाग लिया।कर्नल एच.एस. घुमन, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने गत एक वर्ष के दौरान चंडीगढ़ के पूर्व सैनिकों के कल्याण से संबंधित विभिन्न विषयों पर हुई प्रगति की जानकारी प्रबंध समिति को दी।
प्रबंध समिति ने मुख्य सचिव की अध्यक्षता में निम्नलिखित कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत वित्तीय सहायता की दरों में वृद्धि को स्वीकृति प्रदान की:
(क) बिना पेंशन सेवानिवृत्त/सेवा-मुक्त पूर्व सैनिकों (जेसीओ/ओआर), जिनकी आयु 65 वर्ष से अधिक है तथा जो आर्थिक तंगी में जीवन यापन कर रहे हैं, को दी जाने वाली वित्तीय सहायता की राशि ₹5,000/- से बढ़ाकर ₹8,000/- की गई। (ख) सेवा के दौरान शहीद हुए सैनिकों की विधवाओं (भारतीय थल सेना में सूबेदार मेजर अथवा भारतीय नौसेना एवं वायु सेना में समकक्ष रैंक तक) को दी जाने वाली वित्तीय सहायता की राशि ₹1,000/- से बढ़ाकर ₹2,000/- की गई।
(ग) कोष के संवर्धन हेतु चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा प्रदान की जाने वाली वार्षिक अनुदान राशि को ₹5,50,000/- (रुपये पाँच लाख पचास हजार मात्र) से बढ़ाकर ₹10,00,000/- (रुपये दस लाख मात्र) किए जाने को स्वीकृति दी गई।