छोटा कदम, बड़ा असर : पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय ने ग्रीन कैंपस मुहिम के अंतर्गत पेपर रीसाइक्लिंग यूनिट की शुरुआत की
5 Dariya News
बठिंडा 08-Dec-2025
पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय ने अपने कैंपस में पेपर रीसाइक्लिंग मशीन की स्थापना कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। यह पहल विश्वविद्यालय की ग्रीन कैंपस मुहिम के अंतर्गत उठाया गया छोटा किन्तु सशक्त प्रयास है, जो सस्टेनेबिलिटी और जिम्मेदार कचरा प्रबंधन के प्रति संस्थान की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है।
वेस्ट टू हेल्थ सेंटर में स्थापित इस यूनिट का उद्घाटन कुलपति प्रो. राघवेंद्र प्रसाद तिवारी ने कुलसचिव डॉ. विजय शर्मा की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में कुलपति प्रो. तिवारी ने कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में अपनाई जाने वाली सतत विकास प्रथाएं पर्यावरण के प्रति जागरूक नागरिक तैयार करने और समाज को पारिस्थितिक जिम्मेदारियों के प्रति प्रेरित करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
कुलसचिव डॉ. विजय शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय में रोज़ाना कार्यालयीन कार्य के दौरान उत्पन्न होने वाले कचरे मुख्यतः A-4 पेपर एवं कार्डबोर्ड को नई रीसाइक्लिंग यूनिट उपयोगी स्टेशनरी वस्तुओं जैसे फाइलें, कॉन्फ्रेंस पैड, फोल्डर, लिफ़ाफ़े और प्रमाण पत्र में परिवर्तित करेगी, जिससे कैंपस में जीरो-वेस्ट ऑपरेशन को बढ़ावा मिलेगा।
सीयू पंजाब समुदाय ने विश्वविद्यालय की इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त की और ग्रीन कैंपस एवं सतत विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर योगदान देने का संकल्प दोहराया।