5 Dariya News

पेक में ‘विमेन इन ऑप्टिक्स ऐंड फोटॉनिक्स इंडिया 2025’ का शुभारम्भ

ऑप्टिक्स और फोटॉनिक्स में महिलाओं की भूमिका पर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का हुआ उद्घाटन

5 Dariya News

चण्डीगढ़ 05-Dec-2025

पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), चण्डीगढ़ के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार अभियांत्रिकी विभाग द्वारा आज तीन दिवसीय “वूमेन इन ऑप्टिक्स ऐंड फोटॉनिक्स इन इंडिया (वोपी) 2025” के चौथे वार्षिक अन्तरराष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारम्भ किया गया। यह आयोजन एस.पी.आई.ई. के सहयोग से किया जा रहा है तथा इसका उद्देश्य ऑप्टिक्स, फोटॉनिक्स एवं सम्बद्ध तकनीकों के क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका को सशक्त और अग्रसर बनाना है।

उद्घाटन समारोह में डॉ. रंजना नल्लामल्ली, निदेशक, फ्यूचरिस्टिक टेक्नोलॉजी ऐंड मैनेजमेंट, डी.आर.डी.ओ., मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। डॉ. दीपा बाजपेयी, महाप्रबन्धक, बी.ई.एल. पंचकूला, विशिष्ट अतिथि रहीं। कार्यक्रम का आयोजन पेक के निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया के संरक्षण तथा ई.सी.ई. विभागाध्यक्ष प्रो. अरुण कुमार सिंह के सह–संरक्षण में किया जा रहा है। 

कोर कमेटी में प्रो. नीना गुप्ता, प्रो. ज्योति केडिया तथा प्रो. दिव्या धवन शामिल हैं। सम्मेलन में देश–विदेश से तीन सौ से अधिक महिला प्रतिभागियों के सम्मिलित होने की सम्भावना है। इसमें दो प्लेनरी व्याख्यान, आठ तकनीकी व्याख्यान तथा पाँच पैनल चर्चाएँ आयोजित की जा रही हैं, जिनमें अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों तथा भारत के प्रमुख संस्थानों जैसे आईआईटी, एनआईटी, इसरो, डी.आर.डी.ओ. और सी.एस.आई.ओ.–सी.एस.आई.आर. के विशेषज्ञ भाग ले रहे हैं।

पद्मश्री डॉ. विजयलक्ष्मी देशमाने, चेयरपर्सन, बी.ओ.जी., भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी, डिजाइन एवं विनिर्माण संस्थान, कुरनूल, भी इस अवसर की शोभा बढ़ाएँगी। पोस्टर प्रस्तुति और तीन–इन–वन शोध प्रस्तुति सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं। 

इस अवसर पर प्रो. नीना गुप्ता ने कहा, “वोपी 2025 में पहली बार उत्तरी भारत में इंटीग्रेटेड फोटॉनिक्स, बायो–फोटॉनिक्स, एक नेतृत्व कार्यशाला तथा मानसिक स्वास्थ्य सत्र का संयोजन किया गया है। रंगला पंजाब और सुखना झील की विशेष यात्रा प्रतिभागियों के लिए एक समृद्ध अनुभव प्रस्तुत करेगी।”

प्रो. अरुण कुमार सिंह ने ई.सी.ई. विभाग तथा नवस्थापित सेमीकंडक्टर रिसर्च सेंटर का परिचय देते हुए माइक्रोन तथा एस.सी.एल., मोहाली के साथ किए गए ज्ञापन–समझौतों का उल्लेख किया तथा सभी आयोजकों और प्रतिभागियों का धन्यवाद दिया। निदेशक प्रो. राजेश कुमार भाटिया ने नारी शक्ति की प्रशंसा की एवं पेक की गौरवमयी पूर्व छात्रा कल्पना चावला को स्मरण किया। 

उन्होंने कहा कि पेक द्वारा इस सम्मेलन के चौथे संस्करण का आयोजन हमारे लिए गौरव की बात है। वोपी 2025 की कोर आयोजन अध्यक्ष डॉ. अनीता महादेवन ने साथ मिलकर आगे बढ़ने, सीखने और एक-दूसरे को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

विशिष्ट अतिथि डॉ. दीपा बाजपेयी ने बी.ई.एल. में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी और सम्मेलन का हिस्सा बनने पर अपनी उत्सुकता व्यक्त की। मुख्य अतिथि डॉ. रंजना नल्लामल्ली ने कहा कि हमें शोध परियोजनाओं को उद्योग और रक्षा के लिए उपयोगी उत्पादों के रूप में विकसित करना होगा। 

उन्होंने प्रणाली अभियांत्रिकी, कोर तकनीक, डीप–टेक क्षमता तथा उत्कृष्टता केन्द्रों की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि भारत अपने नवाचारों के माध्यम से वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अग्रणी बन सके। वोपी 2025 का उद्देश्य महिलाओं को विज्ञान, अभियांत्रिकी, अनुसन्धान और शिक्षा के क्षेत्रों में एक साझा मंच प्रदान करना है, जहाँ वे विचारों का आदान–प्रदान, सहयोग और नेतृत्व विकास की दिशा में सार्थक संवाद स्थापित कर सकें।