मोहाली की डॉ. संजना सहोली को पायनियर ऑफ एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित
5 Dariya News
नई दिल्ली 04-Dec-2025
सिविल अस्पताल मोहाली की प्रसिद्ध शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. संजना सहोली को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटैट सेंटर में आयोजित पायनियर ऑफ मेडिकल साइंसेज़ कॉन्क्लेव के दौरान बच्चों के रोगों की चिकित्सा, सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं और उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए पायनियर ऑफ एक्सीलेंस अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह प्रतिष्ठित सम्मान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा द्वारा प्रदान किया गया।
यह राष्ट्रीय कॉन्क्लेव एसआरएम फाउंडेशन और सर्व कल्याणकारी ट्रस्ट द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया, जिसमें देश भर से चिकित्सा विशेषज्ञों, नीति-निर्माताओं और स्वास्थ्य क्षेत्र के प्रमुख पेशेवरों ने भाग लिया। डॉ. संजना सहोली मूल रूप से मुक्तसर जिले के मलोट कस्बे की रहने वाली हैं और बरनाला जिले के गांव शहाणा में उनका विवाह हुआ है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद उन्होंने आयोजक संस्था का धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान न केवल उनकी सेवाओं की सराहना है, बल्कि इससे उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को और अधिक निष्ठा और समर्पण के साथ निभाने की प्रेरणा मिलेगी।